जमुई। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार(Nitish Kumar) की संभावित ‘समृद्धि यात्रा’ (Samriddhi Yatra) को लेकर जमुई जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है कार्यक्रम को सफल और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जमुई के जिला पदाधिकारी नवीन (Naveen) ने लछुआड और कुंड घाट जलाशय परियोजना क्षेत्र का सघन स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल की तैयारियों का बारीकी से जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी श्री नवीन ने निरीक्षण के दौरान हेलीपैड से लेकर मुख्य मंच तक की रूपरेखा, सुरक्षा व्यवस्था और कार्यक्रम स्थल की संरचना का अवलोकन किया। साथ ही बैठने की व्यवस्था, विभिन्न विभागों द्वारा लगाए जाने वाले विकासात्मक स्टॉल और बैरिकेडिंग की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अभियंताओं और विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाए।
जिलाधिकारी श्री नवीन ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार का यह दौरा प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होने के साथ-साथ आम जनता से संवाद का भी अवसर है। ऐसे में कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, मोबाइल शौचालय, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और पार्किंग जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, जिससे लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों के साथ चर्चा करते हुए क्षेत्र में कड़े सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू करने का निर्देश दिया। साथ ही यातायात प्रबंधन की ऐसी कार्ययोजना तैयार करने को कहा, जिससे वीआईपी मूवमेंट के दौरान भी आम लोगों का आवागमन सुचारू बना रहे और कहीं जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। श्री नवीन ने स्वच्छता व्यवस्था को लेकर नगर पंचायत सिकंदरा और नगर परिषद जमुई के कार्यपालक पदाधिकारियों को कार्यक्रम स्थल तथा पहुंच मार्गों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान जिला प्रशासन के कई वरीय अधिकारी और अभियंता मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए इस आयोजन को सफल बनाने की हिदायत दी।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Tue, Mar 10 , 2026, 09:04 PM