Many countries: म मेनेई की हत्या और ईरान पर हमले के खिलाफ कई देशों ने जताया विरोध, संयुक्त राष्ट्र ने बताया अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन

Sun, Mar 01 , 2026, 08:42 PM

Source : Uni India

नयी दिल्ली। ईरान पर अमेरिका-इजरायली हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई (Ayatollah Ali Khamenei) की मौत हो गयी है। ईरान पर हमले पर प्रतिक्रिया देने में कई देशों ने जहां शब्दों के चयन में सावधानी बरती है तो कुछ देशों ने खुलकर विरोध किया है। संयुक्त राष्ट्र समेत रूस, यूरोपीय संघ , चीन, दक्षिण अफ्रीका, उत्तर कोरिया, मलेशिया, चीन, ओमान, इराक आदि देशों ने रविवार को खुले शब्दों में ईरान पर हमले का विरोध किया। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेस (Antonio Guterres) प्रमुख ने रविवार को ईरान पर अमेरिका-इजरायल के हवाई हमलों की निंदा की और क्षेत्र तथा दुनिया को 'तबाही के कगार से वापस लाने' के लिए तत्काल बातचीत शुरू करने का आह्वान किया।

 गुटेरेस ने कहा कि अमेरिका-इजरायल का हमला (US-Israeli attack) संयुक्त राष्ट्र चार्टर सहित अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है। उन्होंने बहरीन, इराक, जॉर्डन, कुवैत, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन करने के लिए ईरान के जवाबी हमलों की भी निंदा की। रूस के राष्ट्रपति ब्लादीमिर पुतिन ने तो श्री खामेनेई की हत्या को 'सनक में की गयी' तक बता दिया। रूसी राष्ट्रपति ने श्री खामेनेई की मृत्यु को एक ऐसी हत्या बताया, जिसने 'मानवीय नैतिकता और अंतरराष्ट्रीय कानून के सभी मानदंडों' का उल्लंघन किया है। उन्होंने कहा कि खामेनेई को रूस में एक 'उत्कृष्ट राजनेता' के रूप में याद किया जायेगा। चीन ने भी इस हमले की निंदा करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय संबंधों में बल प्रयोग या इसकी धमकी का विरोध और निंदा करता है। सभी को संयुक्त राष्ट्र चार्टर का पालन करना चाहिए।

यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रमुख काजा क्लास ने श्री खामेनेई के निधन को 'ईरान के इतिहास में निर्णायक क्षण' बताया। उन्होंने 'एक्स' कहा कि यूरोपीय संघ तनाव कम करने के लिए व्यावहारिक कदम खोजने पर काम कर रहा है। उन्होंने कहा, "आगे क्या होगा यह अनिश्चित है। लेकिन अब एक अलग ईरान के लिए रास्ता खुला है, जिसे आकार देने के लिए वहां के लोगों के पास अधिक स्वतंत्रता हो सकती है।" वहीं इराक के प्रभावशाली धर्मगुरु मुक्तदा अल-सद्र सहित अन्य इराकी नेताओं ने रविवार को श्री खामेनेई के निधन पर शोक जताया। ईरान के साथ अलग स्तर का संबंध रखने वाले शिया समूहों के सत्तारूढ़ गठबंधन, 'कोऑर्डिनेशन फ्रेमवर्क' ने कहा, "अत्यधिक दुख और गहरी पीड़ा के साथ, हम शहीद नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई के निधन पर शोक व्यक्त करते हैं।" गठबंधन ने आगे कहा, " उनका खून सभी पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक प्रकाश बना रहेगा और अभिशाप हमेशा के लिए हत्यारे जायोनी लोगों का पीछा करता रहेगा।" इसके साथ ही उन्होंने तीन दिन के शोक की घोषणा की।

ओमान, जो ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत में मध्यस्थता करता रहा है, ने एक बयान में कहा कि अमेरिकी कार्रवाई "अंतरराष्ट्रीय कानून के नियमों और दुश्मनी व रक्तपात के बजाय शांतिपूर्ण माध्यमों से विवादों को सुलझाने के सिद्धांत का उल्लंघन है।" मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने हमले की निंदा करते हुए कहा कि शत्रुता को तत्काल और बिना शर्त समाप्त करना अनिवार्य है। उन्होंने कहा, 'मैं अमेरिका और ईरान से आग्रह करता हूं कि वे तनाव बढ़ाने के बजाय कूटनीतिक रास्ता अपनायें और अंतरराष्ट्रीय समुदाय बिना किसी दोहरे मानदंड के तत्परता से कार्य करे। इसके अतिरिक्त, इस समय मेरी चिंता ईरान और क्षेत्र के अन्य स्थानों में मलेशियाई नागरिकों की सुरक्षा को लेकर है। मैं इस संबंध में अगले कदमों पर क्षेत्रीय भागीदारों के संपर्क में रहूंगा।'

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups