तेहरान: ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई (Iran's Supreme Leader Ayatollah Ali Khamenei) ने शुक्रवार को कहा कि उनका देश प्रदर्शनों के आगे नहीं झुकेगा। सरकारी टेलीविजन पर प्रसारित एक संबोधन में खामेनेई ने विदेशी समर्थित तत्वों पर देश को अस्थिर करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। खामेनेई ने कहा कि सभी को यह जान लेना चाहिए कि इस्लामी गणतंत्र (Islamic Republic) हजारों सम्मानित लोगों के खून के दम पर सत्ता में आया है और यह उपद्रवियों के सामने पीछे नहीं हटेगा।
राजधानी में जारी अशांति का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारी अमेरिकी राष्ट्रपति को खुश करने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर उन्हें देश चलाना आता होता तो वे अपना देश ठीक से चलाते क्योंकि अमेरिका के भीतर ही कई समस्याएं हैं।
ईरान के सर्वोच्च धार्मिक नेता ने यह भी कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति के हाथ 1,000 से अधिक ईरानियों के खून से रंगे हुए हैं। उनके इस बयान को जून में ईरानी परमाणु ठिकानों पर अमेरिका द्वारा किए गए हमलों के संदर्भ में देखा जा रहा है।
खामेनेई ने अपने समर्थकों से एकजुट रहने का आह्वान करते हुए युवाओं से कहा कि अपनी तैयारी और एकता बनाए रखें क्योंकि एक एकजुट राष्ट्र किसी भी दुश्मन पर विजय प्राप्त कर सकता है। उल्लेखनीय है कि ईरान में आर्थिक नीतियों को लेकर देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन चल रहे हैं।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Fri, Jan 09 , 2026, 04:32 PM