भीलवाड़ा: राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के रायला थाना क्षेत्र (Raila police station area) में पिछले सप्ताह सुनियोजित हत्या का मामला सामने आया। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि जमीन विवाद (land dispute) के कारण बाइक सवार रामनारायण जाट (42) की कार से टक्कर मारकर हत्या की गयी थी। पुलिस ने बताया कि लांबिया निवासी रामनारायण जाट फार्म हाउस से मोटर साइकिल से लौट रहे थे। इसी दौरान कमलेश धाकड़ की कार ने उनको टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल रामनारायण को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार परिजनों ने इसे साधारण हादसा मानने से इन्कार करते हुए इसे सुनियोजित हत्या बताया। मृतक के पिता लादूलाल ने कहा कि गांव के कुछ लोगों से पुरानी रंजिश चल रही थी, जिसके कारण रेकी करके रामनारायण की हत्या की योजना बनायी गयी। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजन प्रदर्शन भी कर चुके हैं। पुलिस जांच में पता चला कि रामनारायण और भंवरलाल जाट के बीच जमीन को लेकर विवाद था। भंवरलाल का भांजा सत्यनारायण ने इस रंजिश को आगे बढ़ाते हुए हत्या की साजिश रची और अपने दोस्त कमलेश धाकड़ और मिट्ठूलाल जाट को इसमें शामिल किया।
आरोपियों ने कमलेश की कार का इस्तेमाल करके रामनारायण की गतिविधियों की रेकी की। उन्हें पता चला कि वह लांबिया स्टेशन की तरफ गया और लौटेगा। रात करीब साढ़े नौ बजे रास्ते में उन्हें रोककर कार से टक्कर मार दी, जिससे रामनारायण की मौत हो गयी। पुलिस जांच में इसे गैर इरादतन नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या पाया गया। इसके बाद एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है। इसके अलावा, अन्य लोगों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Mon, Jan 05 , 2026, 03:45 PM