Drone Attack in Jordan: जॉर्डन में ड्रोन हमले में तीन अमेरिकी सैनिकों की मौत, कई घायल

Mon, Jan 29 , 2024, 10:40 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन (US President Joe Biden) ने कहा है कि शनिवार रात सीरिया की सीमा के पास पूर्वोत्तर जॉर्डन में तैनात अमेरिकी बलों (American soldiers) को निशाना बनाकर किए गए ड्रोन हमले (drone attack) में तीन अमेरिकी सैनिक मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। बाइडेन ने रविवार की रात कहा कि उनका प्रशासन अभी भी हमले के बारे में तथ्य जुटा रहा है। उन्होंने इस हमले के लिए सीरिया और इराक (Syria and Iraq) में सक्रिय ईरान समर्थित आतंकवादी समूहों (Iran-backed terrorist groups) को जिम्मेदार ठहराया। अमेरिकी अधिकारियों ने सीएनएन को बताया कि गाजा युद्ध की शुरुआत के बाद पहली बार मध्य पूर्व में दुश्मन की गोलीबारी में अमेरिकी सैनिक मारे गए हैं।
उधर, अमेरिका के सेंट्रल कमांड ने पुष्टि की कि एकतरफा हमले वाले ड्रोन द्वारा किए गए हमले में घायल सैनिकों की संख्या 25 है। बाइडेन ने कहा कि अमेरिका "सभी जिम्मेदार लोगों को एक समय और अपनी पसंद के तरीके से जवाबदेह ठहराएगा।" उल्लेखनीय है कि सात अक्टूबर को इजरायल और हमास के बीच संघर्ष शुरू होने के बाद से सीरिया और इराक में अमेरिकी सैनिकों पर अक्सर हमले हो रहे हैं। क्षेत्र में ईरान समर्थित मिलिशिया के खिलाफ अमेरिका के जवाबी हमले अब तक उन्हें रोकने में विफल रहे हैं, जिसकी परिणति पहली बार हमलों में अमेरिकी सैनिकों की मौत के रूप में सामने आयी है।
अब तक फोर्स पर हुए 158 से अधिक हमले
शुक्रवार तक, इराक और सीरिया में अमेरिकी और गठबंधन बलों पर 158 से अधिक हमले हो चुके थे। हालांकि अधिकारियों ने ड्रोन, रॉकेट और मिसाइलों की लगातार बमबारी को असफल बताया है क्योंकि इन सभी हमलों में  किसी को भी गंभीर चोट या बुनियादी ढांचे को नुकसान नहीं पहुंचा है।
अमेरिकी अधिकारियों द्वारा बार-बार बयान दिया गया है कि वे नहीं चाहते कि मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के कारण क्षेत्रीय युद्ध छिड़ जाए। पेंटागन की उप प्रेस सचिव सबरीना सिंह के अनुसार, पेंटागन यह नहीं मानता है कि ईरानी प्रतिनिधि अमेरिकी सेना पर अपने हमले बढ़ा रहे हैं।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups