चित्तौड़गढ़। राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले के कपासन में एक रसायन फैक्ट्री में सोमवार रात आग लगने और दो तेज धमाकों से दो सरकारी भवन क्षतिग्रस्त हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार रात में कपासन औद्योगिक क्षेत्र में स्थित मेहरुन इंडस्ट्रीज में तेज धमाकों के बाद आग लग गई। धमाकों एवं आग से पांच किलोमीटर दायरे में सो रहे लोग दहशत में आ गये। धमाके के साथ फैक्ट्री से उछले लोहे के बायलर के हिस्से एवं चद्दर उड़कर कई मीटर दूर जा गिरे।
पास की एक फैक्ट्री सहित करीब पांच सौ मीटर दूर उपखंड कार्यालय और पंचायत समिति की दीवारें भी क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही रात को ही जिला कलेक्टर आलोक रंजन, पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी (Superintendent Manish Tripathi) और विधायक अर्जुन जीनगर (MLA Arjun Jinagar ) भी मौके पर पहुंचे। दो दमकलों ने करीब ढाई घंटे के बाद आग पर काबू पाया। घटना के कारणों की जांच की जा रही है। घटना के समय फैक्ट्री में किसी के नहीं होने से कोई जनहानि नहीं हुई और न ही इसके प्रभाव में आए किसी भवन में जनहानि हुई है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार इस फैक्ट्री में गुजरात स्थित दवा कंपनी के लिए कच्चा माल तैयार करके भेजा जा रहा था। इसका औषधि अनुज्ञा पत्र नहीं होने के साथ दर्द निवारक दवा तैयार करने के काम में आने वाले एक प्रतिबंधित केमिकल का उपयोग होने की शिकायतें मिली। जिला कलेक्टर आलोक रंजन ने बताया कि इस बारे में प्रदूषण नियंत्रण मंडल के क्षेत्रीय निदेशक को जांच सौंपी गई है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Tue, Feb 10 , 2026, 06:31 PM