'अठरा बरस की तू', 'तेरी रब ने बना दी जोड़ी', 'ऐ यार सुन यारी तेरी' जैसे कई सुपरहिट गाने वाली फिल्म याद है आपको, जिसमें रेखा, अमिताभ बच्चन (Rekha, Amitabh Bachchan) के साथ शशि कपूर (Shashi Kapoor) भी नजर आए थे. साल 1979 में आई फिल्म 'सुहाग (Suhaag)', जिसको डायरेक्ट किया था, सुपरहिट डायरेक्टर मनमोहन देसाई (director Manmohan Desai) ने. ये चौथी ऐसी फिल्म थी, जिसमें अमिताभ- शशि की जोड़ी साथ में देखी गई थी, लेकिन दूसरी वो फिल्म जिसमें दोनों भाई के किरदार में नजर आए थे. 44 साल पहले आई ये फिल्म सुपरहिट साबित हुई थी, लेकिन अपनी ही फिल्म से डायरेक्टर साहब खुश नहीं थे. निर्देशक मनमोहन देसाई की 1979 में आई फिल्म 'सुहाग' अमिताभ बच्चन और शशि कपूर की जोड़ की शानदार फिल्मों में थी. सुहाग से पहले दोनों 1975 में आई फिल्म 'दीवार' में भाई बने थे और उनकी मां का रोल निरुपा रॉय ने निभाया था. सुहाग में भी अमिताभ-शशि भाई बने थे और निरुपा रॉय उनकी मां के रोल में थीं. क्यों फिल्म सुपरहिट होने के बाद भी डायरेक्टर मनमोहन देसाई खुश नहीं थे? और क्यों अमिताभ बच्चन को पहली बार एहसास हुआ कि विदेश में उनकी जबर्दस्त फैन फॉलोइंग है. बताते हैं 44 साल पुरानी कहानी...
'सुहाग' फिल्म के लिए पहले राजेश खन्ना और अमिताभ बच्चन को फाइनल किया गया था. लेकिन बाद में इस रोल के लिए शशि कपूर को लिया गया. ये उस दौर की बात है, जब अमिताभ बच्चन की बॉलीवुड में एंट्री के बाद राजेश खन्ना की फिल्म फ्लॉप होने लगी थी. ऐसे में मन ही मन राजेश खन्ना मेगास्टार अमिताभ बच्चन से चिढ़ने लगे थे. रिपोर्ट्स की मानें तो क्लाइमेक्स में अमिताभ का रोल मजेदार था. इसलिए राजेश खन्ना ने फिल्म के लिए मना कर दिया था.
फिल्म में दूसरी बार भाई की भूमिका में अमिताभ बच्चन के साथ शशि कपूर नजर आए. फिल्म का मुहूर्त मनमोहन देसाई ने 12 जनवरी 1976 को किया था. आम तौर कई निर्देशक फिल्मों के क्लाइमेक्स पहले फिल्मा लेते थे, जिससे कि अगर बीच में कुछ बदलाव करने पड़ें तो वे हो जाएं और फिल्म अंत न बदलना पड़े. मनमोहन देसाई का भी यही इरादा था. मगर क्लाइमेक्स सीन के लिए उन्हें हेलीकॉप्टर की जरूरत थी. वह दौर इमरजेंसी का था. प्राइवेट हेलीकॉप्टर भी नहीं मिला करते थे. हर चीज पर सरकार का नियंत्रण था. ऐसे में मनमोहन देसाई ने क्लाइमेक्स शूट करने के लिए सरकार से हेलीकॉप्टर की डिमांड की. मगर इस मांग को ठुकरा दिया गया. नतीजा यह कि उन्हें क्लाइमेक्स को शूट करने के लिए सिंगापुर जाना पड़ा. इस क्लाइमेक्स में शशि कपूर ने खुद अपने स्टंट किए थे, जिसमें एक मौका ऐसा आया, जब उनकी जान खतरे में पड़ गई.
फिल्म की कुछ शूटिंग लंदन में भी की गई. फिल्म पूरी होकर रिलीज होने पर भले ही सुपरहिट रही, लेकिन डायरेक्टर मनमोहन देसाई खुश नहीं थे क्योंकि उन्हें लग रहा था कि 'सुहाग' और बेहतर बन सकती थी.बिग बी द्वारा खलनायकों की पिटाई के लिए चप्पल हाथ में उठाने का अंदाज बड़ा फेमस हुआ था. पुरानी फिल्मों के शौकीन लोग आज भी इस फिल्म देखना पसंद करते हैं. रिपोर्ट्स की मानें तो दर्शकों के बीच फिल्म का रेस्पॉन्स देखने के लिए अमिताभ बच्चन और शशि कपूर इंग्लैंड के एक थियेटर में बिना किसी को खबर किए पहुंच गए. जहां 'सुहाग' चल रही थी. दोनों दर्शकों को सरप्राइज देना चाहते थे. जैसे ही दर्शकों ने उन्हें देखा, वे खुशी के मारे जोरों से चीखने-चिल्लाने लगे और उनकी तरफ दौड़ पड़े.
बिग बी और शशि कपूर के साथ कोई सिक्योरिटी गार्ड नहीं था. वह कुछ स्पॉन्सरों के साथ थियेटर में गए थे. स्थिति बिगड़ गई और फिर बड़ी मुश्किल से उन्हें वहां से निकाला गया. बाद में अमिताभ बच्चन ने कहा भी था कि पहली बार उन्हें एहसास हुआ कि विदेश में उनकी जबर्दस्त फैन फॉलोइंग है.



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Tue, Jul 25 , 2023, 02:00 AM