पुणे मेट्रो सुरंग में छेद, बड़ा हादसा टला! बिना अनुमति स्टेशन के पास बोरवेल खुदाई करने के आरोप में मकान मालिक और ठेकेदार पर केस दर्ज 

Wed, Mar 25 , 2026, 01:30 PM

Source : Hamara Mahanagar Desk

Pune Metro Tunnel: बिना अनुमति बोरवेल खुदाई के कारण पुणे मेट्रो के भूमिगत सुरंग (Pune Metro's underground tunnel) में छेद हो जाने और पानी रिसाव की गंभीर घटना सामने आई है। यह घटना मंडई मेट्रो स्टेशन (Mandai Metro Station) के निकट हुई, जिससे कुछ समय के लिए हड़कंप मच गया। सुरंग में लगभग छह इंच का छेद हो गया था, जिसे युद्धस्तर पर मरम्मत कर संभावित बड़े खतरे को टाल दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, संबंधित स्थान पर घर के मालिक द्वारा मेट्रो प्रशासन की अनुमति लिए बिना बोरवेल की खुदाई कराई जा रही थी। खुदाई के दौरान ड्रिल सीधे मेट्रो सुरंग तक पहुंच गई, जिससे उसमें छेद हो गया और पानी का रिसाव (water leakage) शुरू हो गया।

इस मामले में ‘महामेट्रो’ के संयुक्त महाव्यवस्थापक (सिविल) शंतनु गोरात्रा ने खड़क पुलिस थाने (Khadak Police Station) में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मकान मालिक धनंजय मोटे तथा संबंधित ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, मकान मालिक को यह जानकारी थी कि उनके भूखंड के नीचे मेट्रो का भूमिगत मार्ग मौजूद है, इसके बावजूद उन्होंने लापरवाही बरतते हुए बोरवेल खुदाई कराई।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस कृत्य से न केवल मेट्रो संपत्ति को नुकसान पहुंचा है, बल्कि आम नागरिकों के जीवन और सुरक्षा को भी खतरे में डाला गया। केंद्र और राज्य सरकार की संयुक्त निधि से बने इस परियोजना को नुकसान पहुंचाने का गंभीर आरोप लगाया गया है। मेट्रो प्रशासन के अनुसार, इस घटना में लगभग ढाई लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

घटना के दौरान मेट्रो संचालन जारी था। जैसे ही चालक को सुरंग में पानी रिसाव की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत नियंत्रण कक्ष को सूचित किया। गौरतलब है कि मेट्रो सुरंग में विद्युत प्रवाह की उच्च क्षमता वाली तारें होती हैं। यदि खुदाई के दौरान इन तारों को नुकसान पहुंचता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

बताया गया कि बोरवेल खुदाई कर रहे कर्मचारियों को अचानक तेज हवा के दबाव का आभास हुआ, जिसके बाद उन्होंने तुरंत काम रोक दिया। सूचना मिलते ही मेट्रो अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। यह घटना शनिवार को हुई। इसके बाद रात में मेट्रो सेवा बंद होने के पश्चात तत्काल मरम्मत कार्य शुरू किया गया और सुरंग को सुरक्षित कर लिया गया।

 मेट्रो प्रशासन ने बताया कि पूरी जांच के बाद यह सुनिश्चित किया गया है कि अब किसी प्रकार का खतरा नहीं है और संचालन पूरी तरह सुरक्षित है। इस घटना ने एक बार फिर बिना अनुमति निर्माण और खुदाई कार्यों पर सख्त नियंत्रण की आवश्यकता को उजागर किया है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups