landslide victory: जापान में 'विशाल बहुमत' की ओर सत्तारूढ़ एलडीपी!

Sun, Feb 08 , 2026, 06:36 PM

Source : Uni India

टोक्यो। जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची की लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (LDP) रविवार के संसदीय चुनाव (Parliamentary Elections) में बड़ी जीत की ओर अग्रसर है। एनएचके प्रोजेक्शन्स के एग्जिट पोल में यह दावा किया गया है। सार्वजनिक प्रसारक एनएचके के अनुमान के अनुसार, एलडीपी को 274 से 328 सीटें मिलने की संभावना है, जिससे पार्टी अपनी मौजूदा 198 सीटों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि करेगी। यदि एलडीपी 310 या उससे अधिक सीटें हासिल करती है, तो वह अकेले ही निचले सदन में दो-तिहाई बहुमत प्राप्त कर सकती है। इससे एलडीपी के नेतृत्व वाला गठबंधन ऊपरी सदन में बहुमत न होने की स्थिति में भी प्रमुख विधेयकों और बजट से जुड़े फैसलों को निचले सदन में दो-तिहाई बहुमत के आधार पर पारित कराने में सक्षम होगा। इस गठबंधन में जापान इनोवेशन पार्टी (Japan Innovation Party) भी शामिल है।

एनएचके के अनुसार, सत्तारूढ़ गठबंधन को कुल मिलाकर 302 से 366 सीटें मिलने का अनुमान है, जो 261 सीटों की उस सीमा से काफी अधिक है, जिसे 'सुपर बहुमत' माना जाता है। इस स्थिति में गठबंधन को निचले सदन की सभी 17 स्थायी समितियों की अध्यक्षता का अधिकार भी मिलेगा। वहीं, कंस्टीट्यूशनल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ जापान (Central Reform Alliance) और कोमीतो के विलय से बने विपक्षी सेंट्रल रिफॉर्म गठबंधन (Central Reform Alliance) को भारी नुकसान होता दिख रहा है। गठबंधन की सीटें घटकर 37 से 91 के बीच सिमट सकती हैं। इस पराजय के बाद सीआरए के सह-नेता योशिहिको नोदा के इस्तीफे की अटकलें भी तेज हो गई हैं, जिन्होंने नई पार्टी के लिए अपना राजनीतिक भविष्य दांव पर लगाया था।

राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि यह परिणाम 2012 के चुनाव जैसा हो सकता है, जब 2009 में सत्ता गंवाने के बाद एलडीपी ने 294 सीटें जीतकर निचले सदन में वापसी की थी। उसी जीत ने पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के लगभग आठ वर्षों के लंबे शासन का मार्ग प्रशस्त किया था।एनएचके के अनुमानों के मुताबिक, मौजूदा रुझान एलडीपी और उसके सहयोगियों के लिए मजबूत जनादेश की ओर इशारा कर रहे हैं, जिससे जापान की राजनीति में एक बार फिर सत्तारूढ़ दल का वर्चस्व और सुदृढ़ होने की संभावना है।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups