हरिद्वार: हरिद्वार पुलिस नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में जिलेभर में सघन चेकिंग व गश्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को कोतवाली रूड़की पुलिस टीम मोहनपुरा डबल फाटक क्षेत्र में गश्त के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा और उसके कब्जे से 09.40 ग्राम अवैध स्मैक और एक स्मार्ट मोबाइल फोन बरामद किया। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम परवेज पुत्र जान मोहम्मद, निवासी गली नंबर 2, नाहिद कॉलोनी, कस्बा व थाना कैराना, जिला शामली उत्तर प्रदेश बताया। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीसी में कोतवाली रूड़की में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
राष्ट्रपति मुर्मू से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन ने लोकभवन रांची में मुलाकात की
रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन मुर्मू ने मंगलवार सुबह लोकभवन(राजभवन) में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की.
यह एक शिष्टाचार भेंट वार्ता थी। इसके बाद राष्ट्रपति लोकभवन से गुमला के लिए रवाना हो गईं, यहां वे रायडीह प्रखंड में आयोजित अंतरराज्यीय जनसांस्कृतिक समागम ‘कार्तिक जतरा 2025’ में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगी।
अलवर में कोहरे से दृश्यता बीस से भी कम
अलवर: राजस्थान में अलवर में वर्ष के आखिरी दिनों में मौसम का मिजाज पूरी तरह पलट गया है, सोमवार की शाम से शुरू हुआ कोहरा मंगलवार सुबह तक छाया रहा। कोहरे के चलते दृश्यता 20 मीटर से भी कम रही। मंगलवार तड़के तो कोहरे का असर और बढ़ गया। इससे वाहनों के पहिये मंद पड़े गये। सुबह घना कोहरा होने के कारण रोड लाइट भी करीब आठ बजे तक जलती रही। उसके बाद कोहरा करीब नौ बजे के बाद कम होना शुरू हुआ। अलवर शहर में टेल्को चौराहा, राठ नगर, चिकानी रोड, रामगढ़ रोड और बहरोड़ रोड की तरफ ज्यादा कोहरा रहा।
अलवर में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस के आसपास आ गया है। इसके चलते फसलों पर ओस पड़ना शुरू हो गई, जिससे रबी की फसल प्रभावित होने की संभावना है। इसका असर अब फसलों पर भी असर पड़ेगा। कोहरा ज्यादा दिन चला तो सरसों की फसल पर चेपा लगने की आशंका है।
अल्मोड़ा में बस खाई में गिरी, सात मरे
नैनीताल/देहरादून: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में मंगलवार सुबह एक यात्री बस खाई में गिर गई। हादसे में सात लोगों की मौत हो गई। कई यात्रियों के घायल होने की खबर है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है। बचाव कार्य जारी है। जानकारी के अनुसार, भिकियासैंण इलाके के शिलापनी में एक बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में सात लोगों की मौत की खबर है। एसडीआरएफ के कमांडेंट आईपीएस अर्पण यदुवंशी ने बताया कि जिला नियंत्रण केंद्र अल्मोडा के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई है कि भिकियासैंण से रामनगर जा रही एक यात्री बस विनायक क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गई है, बस में लगभग 17–18 यात्री सवार बताए गए हैं।
मोदी ने खालिदा जिया को श्रद्धांजलि अर्पित की
नयी दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को बंगलादेश की पूर्व प्रधानमंत्री बेगम खालिदा जिया के निधन पर शोक व्यक्त किया। एक्स पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "पूर्व प्रधानमंत्री और बंगलादेश राष्ट्रवादी पार्टी की अध्यक्ष बेगम खालिदा जिया के निधन की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। उनके परिवार और बंगलादेश के सभी लोगों के प्रति हमारी हार्दिक संवेदनाएं। ईश्वर उनके परिवार को इस दुखद क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।" बेगम जिया तीन बार बंगलादेश की प्रधानमंत्री रहीं, उन्होंने देश की राजनीति को आकार देने और भारत बंगलादेश संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Tue, Dec 30 , 2025, 12:37 PM