रांची। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Draupadi Murmu) के झारखंड (Jharkhand) दौरे को लेकर राजधानी रांची (capital Ranchi) में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है।
सुरक्षा के मद्देनजर शहर के कई इलाकों को नो फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है। वहीं राष्ट्रपति के आगमन और कार्यक्रमों को देखते हुए 28 से 30 दिसंबर तक रांची शहर की यातायात व्यवस्था में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। इस दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर मालवाहक और सवारी वाहनों के प्रवेश और परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा। हालांकि एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है। इस संबंध में रांची पुलिस ने शनिवार को विस्तृत आदेश जारी कर दिया है।
28 दिसंबर को शाम चार बजे से रात 8.30 बजे तक रांची शहर में सभी छोटे-बड़े मालवाहक वाहनों, बसों और सवारी वाहनों का प्रवेश और परिचालन वर्जित रहेगा। इस दौरान भारी मालवाहक वाहन रिंग रोड से होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। रातू और काठीटांड की ओर जाने वाले वाहन कांके रिंग रोड के रास्ते आवागमन करेंगे।
इसके अलावा हिनू चौक, बिरसा चौक, एचईसी गेट, अरगोड़ा चौक, सहजानंद चौक, किशोरगंज चौक, न्यू मार्केट चौक, हॉटलिप्स चौक, राम मंदिर चौक, एटीआई मोड़, रणधीर वर्मा चौक, एसएसपी आवास से लोक भवन तक दोपहर दो बजे से रात 8.30 बजे तक सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
29 दिसंबर को सुबह सात बजे से 11 बजे तक और शाम चार बजे से रात 8.30 बजे तक शहर में सभी बड़े-छोटे मालवाहक वाहनों, बसों और सवारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। नया सराय रिंग रोड से रामपुर चौक रिंग रोड तक बड़े वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा।
जमशेदपुर और बुंडू की ओर से आने वाले वाहन रिंग रोड से टाटीसिल्वे होते हुए शहर में प्रवेश करेंगे, जबकि रांची से जमशेदपुर जाने वाले वाहन दुर्गा सोरेन चौक से टाटीसिल्वे होते हुए रिंग रोड का उपयोग करेंगे।
30 दिसंबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक शहर में सभी प्रकार के मालवाहक और सवारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। इस दौरान भी भारी वाहन रिंग रोड का उपयोग कर सकेंगे।
रांची पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Sat, Dec 27 , 2025, 02:13 PM