Ahmedabad plane crash: अहमदाबाद विमान हादसे में मारे गए 92 लोगों के डीएनए नमूनों का मिलान!

Mon, Jun 16 , 2025, 08:40 PM

Source : Hamara Mahanagar Desk

अहमदाबाद. गुजरात के अहमदाबाद में विमान हादसे (plane crash) में मारे गए 92 लोगों के डीएनए नमूनों का मिलान हो गया है। अब तक कुल 47 शव परिवारों को सौंपे जा चुके हैं। अहमदाबाद सिविल अस्पताल के अतिरिक्त अधीक्षक डॉ. रजनीश पटेल (Dr. Rajneesh Patel) ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने दुर्घटना के बाद राज्य सरकार द्वारा चलाए गए पहचान अभियान के बारे में बताया कि जिन शवों के डीएनए नमूनों (DNA samples) का मिलान हो गया हैं, उन्हें सम्मानपूर्वक उनके परिवारों को सौंप दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि अब तक कुल 92 शवों के डीएनए नमूनों का मिलान हो चुका है 16 जून को सुबह 0930 बजे तक कुल 47 शव सौंपे गए जिनमें खेड़ा, अहमदाबाद, बोटाद, मेहसाणा, भरूच, अरावली, वडोदरा, जूनागढ़, आनंद, महिसागर, गांधीनगर और भावनगर जिलों के शव शामिल थे।
अन्य आठ परिजनों को अगले दो घंटे में उनके परिजनों के पार्थिव शरीर सौंप दिए जाएंगे। अभी सिविल अस्पताल में 13 परिजन मौजूद हैं, जिन्हें सम्मान के साथ उनके परिजनों के पार्थिव शरीर सौंप दिए जाएंगे। 87 और परिजनों से संपर्क किया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि 12 परिवार ऐसे हैं जो अन्य रिश्तेदारों के डीएनए मिलान के परिणाम प्राप्त होने के बाद एक साथ शव को स्वीकार करेंगे जबकि 11 लोग परिवार के सदस्यों के साथ चर्चा करने के बाद शव को स्वीकार करने आएंगे। प्रत्येक मृतक के परिवार के लिए एक अलग टीम गठित की गई है। इस टीम में एक वरिष्ठ अधिकारी, पुलिसकर्मी और एक पेशेवर काउंसलर शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि 12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान एआई 171 उड़ान भरने के कुछ मिनट बाद ही यहां मेधाणीनगर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। विमान में 242 लोग सवार थे जिसमें 230 यात्री एवं 12 चालक दल के सदस्य थे। इस हादसे में मात्र एक व्यक्ति जीवित बचा है।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups