नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Draupadi Murmu) अपनी तीन देशों की यात्रा के पहले चरण में रविवार को अल्जीरिया पहुंचीं। यह किसी भारतीय राष्ट्रपति की अल्जीरिया की पहली यात्रा है। उनके अल्जीयर्स पहुंचने पर गर्म जोशी से स्वागत किया गया। अल्जीयर्स हवाई अड्डे पर अल्जीरिया के राष्ट्रपति अब्देलमदजीद तेब्बौने (Abdelmadjid Tebboune) ने विशेष भाव से राष्ट्रपति का स्वागत किया। तेब्बौने के साथ उनकी कैबिनेट के अन्य सदस्य भी हवाई अड्डे पर मौजूद थे।
बाद में अल्जीरिया में भारतीय समुदाय के लोगों ने श्रीमती मुर्मू के स्वागत के लिए एक समारोह का आयोजन किया। स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा ,“यह मेरे लिए सम्मान की बात है, कि भारत से अल्जीरिया की पहली राजकीय यात्रा मेरे द्वारा संपन्न हो रही है। यह भारत - अल्जीरिया संबंधों में एक ऐतिहासिक दिन है।” उन्होंने कहा,“ अल्जीरिया में विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत परिश्रमी भारतीय समुदाय, एक तरह से भारत के सच्चे राजदूत हैं। आप में से प्रत्येक व्यक्ति अपने भीतर हमारी प्राचीन भूमि के मूल्य और संस्कृति को समेटे हुए है। जब भी आप किसी अल्जीरियाई व्यक्ति से मिलते हैं, तो आप उसका परिचय भारत की भावना से कराते हैं।”
राष्ट्रपति ने कहा कि भारत ने उपनिवेशवाद के विरुद्ध अल्जीरिया के मुक्ति आंदोलन का शुरू से ही समर्थन किया। हमारे नेताओं के अल्जीरिया के नेताओं के साथ घनिष्ठ व्यक्तिगत संबंध रहे हैं। राष्ट्रपति मुर्मू अल्जीरिया के बाद मॉरिटानिया और मलावी जाएगी। भारत का कोई राष्ट्रपति पहली बार इन तीनों अफ्रीकी देशों की यात्रा पर निकला है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Mon, Oct 14 , 2024, 07:32 AM