स्टॉकहोम। दक्षिण कोरिया (South Korean) की लेखिका हान कांग (Writer Han Kang) को वर्ष 2024 का साहित्य का नोबेल पुरस्कार (Nobel Prize) देने का एलान किया गया है। उन्हें काव्यात्मक गद्य के लिए इस सम्मान के लिए चुना गया है।
स्वीडिश अकादमी की नोबेल समिति (Nobel Committee) ने गुरुवार को इसकी घोषणा की। नोबेल समिति के स्थायी सचिव मैट्स माल्म ने लेखिका हान कांग को पुरस्कार देने की घोषणा की। लेखिका हान कांग की पुस्तकों में ‘द वेजिटेरियन’, ‘द व्हाइट बुक’, ‘ह्यूमन एक्ट्स’ और ‘ग्रीक लेसन्स’ प्रमुख रूप से शामिल हैं।
हान कांग का जन्म 1970 में दक्षिण कोरियाई शहर ग्वांगजू में हुआ था, लेकिन नौ साल की उम्र में ही वह अपने परिवार संग सोल चली गई थीं। तिरेपन वर्षीय हान कांग साहित्यिक परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता भी प्रतिष्ठित उपन्यासकार हैं। लेखन के साथ-साथ उन्होंने खुद को कला और संगीत के लिए भी समर्पित किया है, जो उनके संपूर्ण साहित्यिक लेखन में दिखाई देता है।
नोबेल समिति के अनुसार लेखिका हान कांग को ‘गहन काव्यात्मक गद्य के लिए’ यह सम्मान दिया जाएगा जिसमें ऐतिहासिक आघातों और मानव जीवन के नाजुक मोड़ों को रेखांकित किया गया है।
सुश्री हान कांग ने करियर की शुरुआत 1993 में ‘लिटरेचर एंड सोसाइटी’ पत्रिका में कई कविताओं के प्रकाशन के साथ की। उन्होंने गद्य की शुरुआत 1995 में लघु कहानी संग्रह ‘लव ऑफ येओसु’ के साथ की। इसके बाद उनके उपन्यास और लघु कथाएँ प्रकाशित की गयी।
सुश्री कांग को 2016 में उनकी कृति ‘द वेजिटेरियन’ के लिए अंतरराष्ट्रीय बुकर पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। ‘द वेजिटेरियन’ उपन्यास में एक महिला के मांस खाना बंद करने के फैसले के बाद के विनाशकारी परिणाम सामने आने का उल्लेख है।
गौरतलब है कि 1901 से अब तक साहित्य के क्षेत्र में कुल 116 नोबेल पुरस्कार दिए जा चुके हैं। इनमें से चार पुरस्कार कई विजेताओं के बीच साझा किए गए हैं। अब तक 17 महिलाओं को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार मिल चुका है।
नोबेल पुरस्कार 2024 की विजेताओं की घोषणा सोमवार (07 अक्टूबर) से शुरु हुई थी और यह कार्य 14 अक्टूबर तक चलेगा।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Thu, Oct 10 , 2024, 08:48 PM