एकनाथ शिंदे ने पढ़ी भाजपा की स्क्रिप्ट: पटोले

Thu, Oct 06, 2022, 07:26

Source : Hamara Mahanagar Desk

कांग्रेस की आलोचना बर्दाश्त नहीं करेंगे
मुंबई।
बांद्रा कुर्ला काम्प्लेक्स (बीकेसी) मैदान में एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) गुट की सभा राज्य के विभिन्न हिस्सों से भाड़े की भीड़ जुटा कर आम जनता को झूठी सूचना देकर जुटाई गई थी, लेकिन इस सभा में आए लोग सीएम एकनाथ शिंदे का भाषण सुने बिना ही चले गए। राज्य की जनता ने देखा कि प्रदेश का मुख्यमंत्री भाजपा की कठपुतली की तरह भाषण कर रहे थे, शिंदे गुट पर यह जोरदार हमला प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले (Nana Patole) ने किया है। उन्होंने कहा कि शिंदे ने अपने विश्वासघात के समर्थन में भाजपा द्वारा लिखी गई स्क्रिप्ट पढ़ी।
पटोले ने कहा कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अपनी सभा में कांग्रेस पार्टी की आलोचना की। दरअसल, एकनाथ शिंदे का विश्वासघात शिवसेना का अंदरूनी मामला है, लेकिन हम यह बर्दाश्त नहीं करेंगे कि एकनाथ शिंदे और उनके समर्थक मंत्री और विधायक बगावत के पाप को छुपाने के लिए बार-बार कांग्रेस की आलोचना करे। शिंदे को इस बात की चिंता नहीं करनी चाहिए कि कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष कौन है या कौन होना चाहिए। पटोले ने कहा कि एकनाथ शिंदे की पार्टी का अभी तक पता नहीं है। ऐसे में उनके द्वारा कांग्रेस के बारे में बात करना हास्यास्पद है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश की सबसे पुरानी और अनुभवी पार्टी है। कांग्रेस ने देश को आजादी दिलाने में अहम भूमिका निभाई । वहीं दुनिया में देश का नाम ऊंचा करने में भी कांग्रेस की प्रमुख भूमिका है। एकनाथ शिंदे का अपना खुद का कोई वजूद नहीं है । उनकी उपलब्धि बीजेपी के इशारे पर काम करते हुए दिल्ली के आदेश को लागू करना है।
खातों में जमा कराएं 3 हजार रुपए
पटोले ने कहा कि राज्य सरकार की कैबिनेट ने दीपावली पर राशन कार्ड धारकों को 100 रुपए में राशन की दुकानों से एक किलो चनादाल, चीनी, सूजी और एक लीटर पाम तेल देने का निर्णय लिया है। बढ़ती महंगाई को देखते हुए सरकार का यह दीपावली गिफ्ट नाकाफी है। उन्होंने कहा कि सरकार को महंगाई को देखते हुए हर सामान्य परिवार के बैंक खाते में 3 हजार रुपए दीवाली गिफ्ट के रूप में जमा कराना चाहिए। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को लिखे पत्र में पटोले ने कहा कि राज्य के लोगों की दीवाली को मीठा बनाना सरकार का कर्तव्य है। विशेष रूप से ऐसी स्थिति में जहां महंगाई दर में काफी तेजी से इज़ाफा हुआ है। किराना समेत अन्य जरूरी सामान खरीदना आम लोगों की पहुंच से बाहर हो गया है। राज्य सरकार ने 100 रुपये में जो चार सामान देने का फैसला किया है, वह एक परिवार के लिए अपर्याप्त और बहुत ही कम है। पटोले ने कहा कि अगर सरकार चाहती है कि प्रदेश के लोगों की दिवाली खुशहाल और मधुर हो तो अति संवेदनशील मुख्यमंत्री होने के नाते एकनाथ शिंदे को हर राशन कार्ड धारकों के खाते में 3 हजार रुपए जमा करना चाहिए।

Latest Updates

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups