2025 के मुश्किल दौर के बाद मैंने अपनी लेंथ पर बहुत काम किया: रवि बिश्नोई

Sun, Apr 05 , 2026, 02:56 PM

Source : Uni India

अहमदाबाद। राजस्थान रायल्स (आरआर) गेंदबाज रवि बिश्नोई (Rajasthan Royals (RR) bowler Ravi Bishnoi) ने कहा कि 2025 के मुश्किल दौर के बाद मैंने अपनी लेंथ , फिजिकल, तकनीकी और मानसिक" पहलुओं पर बहुत काम किया।
गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) के खिलाफ शनिवार रात जीत के बाद बिश्नोई ने प्लेयर ऑफ़ द मैच का ख़िताब लेने के बाद कहा, "पिछला सीजन मुश्किल था। लेकिन मैंने अपने प्रोसेस पर भरोसा रखा। मेरी एक कमजोरी थी कि अगर मेरी लेंथ ग़लत होती थी तो मुझे चौके और छक्के पड़ते थे। मैं उसी पर काम कर रहा था। मैंने पूरा घरेलू सीजन खेला और अपनी लेंथ को बेहतर किया। सही लेंथ पर गेंद डालने से बल्लेबाज़ों के लिए मुश्किल होती है। आज भी जब गेंद ज़्यादा फुल हुई तो मुझे मार पड़ी। मानसिक, तकनीकी और फिजिकल, मैंने तीनों पहलुओं पर काम किया है। ऑफ सीजन में और मैचों के बीच भी मैंने फिटनेस पर बहुत मेहनत की है।”
कल मैच में बिश्नोई ने 11वें ओवर में साई सुदर्शन को आउट किया। फिर 13वें ओवर में ग्लेन फिलिप्स और वॉशिंगटन सुंदर को पवेलियन भेजा। 15वें ओवर में उन्होंने राहुल तेवतिया का विकेट लेकर अपने स्पेल को पूरा किया। फिलिप्स को छोड़कर उनके बाक़ी सभी शिकार बाएं हाथ के बल्लेबाज थे।
उन्होंने कहा, "ग्राउंड के एक तरफ़ बाउंड्री बड़ी थी और उनके पास कई बाएं हाथ के बल्लेबाज़ थे, इसलिए मैं मिडल और लेग से गुगली डालने की कोशिश कर रहा था, जिससे उनके लिए लेग साइड की बड़ी बाउंड्री पार करना मुश्किल हो। कुछ बल्लेबाज़ उसी जाल में फंस गए। हमारा प्लान था कि गेंद को उनसे दूर रखा जाए और उन्हें लंबी साइड पर खेलने के लिए मजबूर किया जाए। साई और वॉशी उसी तरह आउट हुए। यह प्लान मैंने टीम और ध्रुव जुरेल के साथ मिलकर बनाया था। मेरे लिए सभी विकेट खास थे, लेकिन अंत में राहुल भाई का विकेट ज़्यादा अहम था। वह फ़िनिशर के तौर पर जाने जाते हैं। अगर वह आउट नहीं होते तो मैच किसी भी दिशा में जा सकता था।"
मैच के आखिरी ओवर के हीरो तुषार देशपांडे (Tushar Deshpande) रहे, जिन्होंने यॉर्कर और लगभग यॉर्कर गेंदों की सीरीज डालते हुए केवल चार रन दिए और टीम को छह रन से जीत दिलाई।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups