Surjewala Alleges: कर्नाटक को 2 लाख करोड़ रुपये से वंचित किया गया, कन्नड़ विरोधी है भाजपा : सुरजेवाला!

Sun, Apr 05 , 2026, 06:50 PM

Source : Uni India

बेंगलुरु। कांग्रेस के महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला (Randeep Singh Surjewala) ने भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) और नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि एक 'कन्नड़-विरोधी बदले की भावना' के चलते कर्नाटक को धन से वंचित करके विकास परियोजनाएं रोक दी गई हैं, जिससे राज्य को लगभग 2 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

श्री सुरजेवाला ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए दावा किया कि भाजपा के रवैये को लेकर आम कन्नड़ लोगों में 'बेहद गुस्सा' है। उन्होंने पार्टी पर आरोप लगाया कि वह सुनियोजित तरीके से राज्य के वित्तीय और विकास संबंधी हितों को कमजोर कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत सरकार ने कर्नाटक को कर, अनुदान और राहत कोष में उसका जायज हिस्सा देने से मना कर दिया है। उन्होंने इस 'कुल नुकसान' का आंकड़ा 1,97,257 करोड़ रुपये बताया।


कांग्रेस महासचिव ने इन आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि वित्त आयोगों के तहत धन के कम बंटवारे के कारण कर्नाटक को 79,770 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। वहीं 'अवैज्ञानिक तरीके से वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) लागू करने' के कारण 59,274 करोड़ रुपये का और नुकसान हुआ। उन्होंने जीएसटी स्लैब के पुनर्निर्धारण के कारण भी 9,000 करोड़ रुपये के नुकसान का जिक्र किया। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि जल जीवन मिशन के तहत 10,889 करोड़ रुपये, बेंगलुरु की पेरिफेरल रिंग रोड के लिए धन सहित विशेष अनुदान के तौर पर 11,495 करोड़ रुपये और केंद्रीय बजट में ऊपरी भद्रा परियोजना के लिए घोषित 5,300 करोड़ रुपये जारी नहीं किए गए हैं।


उन्होंने दावा किया कि कर्नाटक को केंद्र प्रायोजित योजनाओं में भी 4,195 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। इसके अलावा 2023 में सूखा राहत में कमी के कारण 15,718 करोड़ रुपये और 2025 में बाढ़ राहत में 1,616 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।  सुरजेवाला ने कहा, "भाजपा कर्नाटक के लिए हानिकारक है।" उन्होंने जोर देकर कहा कि पार्टी ने धन रोककर विकास में बाधा डालकर और कांग्रेस सरकार की गारंटी योजनाओं का विरोध करके राज्य की जनता के साथ विश्वासघात किया है।
भाजपा ने इन आरोपों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups