रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश (Keshav Mahto Kamlesh) ने बलियापुर के भिखराजपुर में रामनवमी (Ram Navami) के दिन दो पक्षों के बीच हुई पत्थरबाजी (stone-pelting) एवं आपसी टकराव की घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण, चिंताजनक और निंदनीय बताया। महतो ने कहा कि घटना से दो दिन पूर्व जिला प्रशासन द्वारा शांति समिति की बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें सभी समुदायों से रामनवमी शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का आह्वान किया गया था। इसके बावजूद ऐसी घटना का घटित होना जिला प्रशासन एवं बलियापुर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। महतो ने कहा कि स्पष्ट रूप से दिखाई देता है कि बलियापुर प्रशासन इस तरह की स्थिति को रोकने में असफल रहा है, अतः इस पर उचित संज्ञान लेते हुए अविलंब कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। सार्वजनिक रूप से रस्सी बांधकर घुमाने की कार्रवाई निंदनीय — सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का उल्लंघन है। श्री महतो ने ने पुलिस प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि घटना के बाद कुछ लोगों को चिन्हित कर कमर में रस्सी बांधकर सार्वजनिक रूप से घुमाना अत्यंत निंदनीय, अमानवीय एवं कानून-विरुद्ध है।
सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट निर्देश हैं कि किसी भी अभियुक्त को इस प्रकार सार्वजनिक रूप से रस्सी बांधकर नहीं घुमाया जा सकता, लेकिन जिला प्रशासन द्वारा की गई यह कार्रवाई कानून की गंभीर अवहेलना है। महतो ने धनबाद उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक से निम्न मांगें की— बलियापुर में सर्वदलीय बैठक आयोजित की जाए, ताकि जिले में सौहार्द, शांति एवं सद्भाव का माहौल पूरी तरह बहाल हो सके। बलियापुर क्षेत्र में सामाजिक भाईचारा और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने हेतु ठोस कदम उठाए जाएँ। निर्दोष व्यक्तियों पर कार्रवाई न की जाए, बल्कि केवल वास्तविक रूप से संलिप्त लोगों पर ही निष्पक्ष एवं कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित हो। महतो ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा सद्भाव, शांति एवं न्याय के पक्ष में दृढ़ता से खड़ी है और किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या कानून-विरोधी कदम का पुरजोर विरोध करती है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Sun, Mar 29 , 2026, 09:16 PM