हैदराबाद। पैट कमिंस की गैरमौजूदगी में ईशान किशन इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के शुरुआती कुछ मैचों में सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी करेंगे। पैट कमिंस अभी तक अपनी पीठ की चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं और उनके शुरुआती मैचों में खेलने को लेकर संशय बना हुआ है। इस दौरान अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) उप-कप्तान की भूमिका निभाएंगे। एसआरएच के करीबी सूत्रों ने क्रिकबज को बताया है कि यह व्यवस्था अस्थायी है। नियमित कप्तान कमिंस पूरी तरह फिट होने के बाद कप्तानी की जिम्मेदारी फिर से संभाल लेंगे। जल्द ही इस बारे में आधिकारिक घोषणा होने की उम्मीद है।
अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कमिंस कितने मैच नहीं खेल पाएंगे, लेकिन यह माना जा रहा है कि ऑस्ट्रेलिया के कप्तान 23 मार्च को एसआरएच शिविर में रिपोर्ट करेंगे। उम्मीद है कि वह भारत में फ्रेंचाइजी के साथ रिहैबिलिटेशन करेंगे। कल की रिपोर्ट में बताया गया था, वह इस सीजन के पहले तीन मैच नहीं खेल पाएंगे। एसआरएच अपने अभियान की शुरुआत 28 मार्च को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ करेगा। उनका दूसरा मैच दो अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ, उसके बाद वे पांच अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स का सामना करने के लिए अपने घरेलू मैदान पर लौटेंगे।
32 साल के कमिंस दिसंबर से ही मैदान से बाहर हैं। दिसंबर में उन्होंने एडिलेड में केवल एक एशेज टेस्ट मैच खेला था। उस मैच से पहले और बाद में भी पीठ की पुरानी चोट की वजह से वह टीम से बाहर रहे। उन्होंने हाल ही में हुए टी-20 विश्व कप (T20 World Cup) में भी हिस्सा नहीं लिया था। लेकिन सनराइजर्स हैदराबाद के सूत्रों ने बताया है कि उन्हें क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से अपने आईपीएल अनुबंध को पूरा करने की मंजूरी मिल गई है। हालांकि, मैच खेलने के लिए मैदान पर लौटने से पहले उन्हें कुछ और समय लगने की उम्मीद है। कमिंस ने एचआरएच के लिए 30 मैचों में कप्तानी की है। इनमें से उन्होंने 15 मैच जीते हैं, 14 हारे हैं, और एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकला। 2024 में उन्होंने टीम को फाइनल तक पहुंचाया था, जहां उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। पिछले सीजन में एसआरएच छठे स्थान पर रहा था। टीम ने छह मैच जीते थे और सात में उसे हार मिली थी।
ईशान किशन ने अपनी कप्तानी में झारखंड को पहली बार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का खिताब दिलाया है। कप्तानी के साथ-साथ ईशान ने बल्ले से भी बेहतर प्रदर्शन किया। उन्होंने उस टूर्नामेंट में 197.33 की स्ट्राइक रेट से सबसे ज्यादा 517 रन बनाए थे। उन्होंने हाल ही में सम्पन्न हुए टी-20 विश्वकप में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम को ट्रॉफी जिताने में अहमद योगदान दिया था। उन्होंने टी-20 वर्ल्ड कप में कुल 532 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 207 का रहा था।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Wed, Mar 18 , 2026, 06:20 PM