नारायणपुर: छत्तीसगढ़ में नारायणपुर जिले के कुमुराडी क्षेत्र (Kumuradi area of Narayanpur district) में जिला पुलिस और आईटीबीपी ने नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई (Major action against Naxalites) करते हुए भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और हथियारों से भरा डम्प बरामद किया है। यह सफलता 53वीं बटालियन आईटीबीपी और नारायणपुर पुलिस की संयुक्त टीम (53rd Battalion ITBP and Narayanpur police) को मिली है। पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार, 25 फरवरी को विश्वसनीय सूचना के आधार पर सीओबी मंदोड़ा से एरिया डॉमिनेशन पेट्रोलिंग (ADP) के लिए रवाना हुए जवानों ने ग्राम कुमुराडी के जंगलों में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए एक ठिकाने से यह जखीरा बरामद हुआ। बरामद सामग्री में करीब 100 मीटर प्राइमा कॉर्ड, 20 मीटर सेफ्टी फ्यूज और 35 किलोग्राम सुतली बम शामिल हैं।
इसके अलावा 38 किलोग्राम उर्वरक पाउडर और 18 किलोग्राम इम्प्रोवाइज्ड विस्फोटक भी जब्त किया गया। सुरक्षाबलों ने एक इम्प्रोवाइज्ड रॉकेट लॉन्चर और बड़ी संख्या में रॉकेट लॉन्चर सेल बरामद किए हैं, जिनकी संख्या 13 है। इसके अलावा 19 भारी और 11 हल्के मोर्टार सेल भी मिले हैं। बीजीएल लॉन्चर और कारतूसों की बरामदगी को भी अहम माना जा रहा है। टीम ने एक बड़ा और एक छोटा इम्प्रोवाइज्ड बीजीएल लॉन्चर जब्त किया है। साथ ही 70 लंबी दूरी और 55 छोटी दूरी के बीजीएल राउंड के अलावा बड़े, मध्यम और छोटे आकार के कुल 35 बीजीएल कारतूस भी बरामद हुए हैं। दो इम्प्रोवाइज्ड हैंड ग्रेनेड भी मिले हैं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस डम्प में चारकोल और एएमएन पाउच जैसी विस्फोटक निर्माण सामग्री के अलावा पर्याप्त मात्रा में चिकित्सकीय सामग्री और दवाइयां भी मिली हैं। अधिकारी ने कहा कि यह बरामदगी नक्सलियों की लॉजिस्टिक सप्लाई को करारा झटका है। गौरतलब है कि नारायणपुर जिले के संवेदनशील इलाकों में नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी है। यह क्षेत्र पहले भी नक्सली गतिविधियों के लिए चर्चित रहा है। सुरक्षाबलों का यह ऑपरेशन इलाके में नक्सलियों के बढ़ते प्रभाव को रोकने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। फिलहाल क्षेत्र में सर्च अभियान जारी है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Thu, Feb 26 , 2026, 12:28 PM