Ignoring Traffic Rules: छत्तीसगढ़ में रफ्तार का कहर: सगाई समारोह से लौट रही पिकअप खाई में गिरी,दो की मौत; गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में भी 35 घायल

Thu, Feb 26 , 2026, 12:58 PM

Source : Hamara Mahanagar Desk

Horrific Road Accidents: छत्तीसगढ़ में यातायात नियमों की अनदेखी (Ignoring traffic rules) एक बार फिर भारी पड़ गई। बीती रात दो अलग-अलग जिलों में पिकअप वाहनों के हादसों ने कई परिवारों की खुशियां मातम में बदल दीं। रायगढ़ जिले में सगाई समारोह से लौट रहे ग्रामीणों से भरी पिकअप खाई में जा गिरी, जिससे दो लोगों की मौत हो गई और 30 से अधिक लोग घायल हो गए।

 वहीं गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में बारातियों से भरी पिकअप के पलटने (Pickup full of wedding guests overturns) से करीब 35 लोग घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। रायगढ़ जिले के कापू-धरमजयगढ़ मार्ग पर बुधवार रात लगभग आठ बजे यह दर्दनाक हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, बंगुरसूता गांव के ग्रामीण कंवर समाज के एक सगाई कार्यक्रम में शामिल होने गोसाईपोढ़ी गए थे। समारोह के बाद सभी एक ही पिकअप वाहन में सवार होकर वापस लौट रहे थे। विजयघाट के पास पहुंचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और पिकअप सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गई।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत सहायता के लिए पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। सभी घायलों को कापू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। इस हादसे में बंगुरसूता निवासी 60 वर्षीय काला राम राठिया और 60 वर्षीय छतर सिंह राठिया की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक आशंका है कि वाहन में क्षमता से अधिक सवारियां भरी गई थीं।

इसी रात गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के धरहर गांव के पास भी एक बड़ा हादसा हुआ। शादी समारोह में जा रहे 40 से अधिक बारातियों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर तीन बार पलटती हुई खेत में जा घुसी। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था और उसके नशे में होने की भी आशंका जताई जा रही है। हादसे में करीब 35 लोग घायल हुए हैं। घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से जिला अस्पताल एवं मरवाही अस्पताल पहुंचाया गया।

जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. देवेंद्र पैकरा ने बताया कि 22 घायलों को अस्पताल लाया गया, जिनमें चार की हालत अत्यंत गंभीर है। दो लोगों को मस्तिष्क में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि दो के जबड़े और गर्दन में फ्रैक्चर हुआ है। अन्य घायलों का उपचार जारी है। प्रदेश में पिकअप वाहनों में अवैध रूप से सवारियां ढोने पर रोक के निर्देश जारी हैं, इसके बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में यह प्रथा थमने का नाम नहीं ले रही है। शादी-ब्याह और सामाजिक कार्यक्रमों में एक ही वाहन में बड़ी संख्या में लोगों को बैठाकर सफर करना आम बात बन गई है, जो आए दिन जानलेवा साबित हो रही है। दोनों घटनाओं ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर प्रशासनिक सख्ती की जरूरत को रेखांकित किया है।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us
HAMARA MAHANAGAR SPECIALS
PM मोदी ने इतिहास रचा, Instagram पर 100 मिलियन फॉलोअर्स पूरे करने वाले दुनिया के पहले लीडर बने, जानें दूसरे, तीसरे नंबर पर कौन हैं?
 Ignoring Traffic Rules: छत्तीसगढ़ में रफ्तार का कहर: सगाई समारोह से लौट रही पिकअप खाई में गिरी,दो की मौत; गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में भी 35 घायल
बेंगलुरु के चिकपेट बाजार में लगी भीषण आग, 21 दुकानें जलकर खाक! करोड़ों की संपत्ति का नुकसान 
छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का चौथा दिन! प्रश्नकाल में हिरासत में मौतों पर विपक्ष ने सरकार को घेरा, 66 बंदियों की मौत का खुलासा
Breaking News: देश प्रदेश की खबरें! भीलवाडा में खड़े ट्रक से टकराई कार, दो युवक घायल! चम्बा में मादक दवाओं पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups