National News: राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के फूलियांकला थाना क्षेत्र (Phuliankala police station area) में गुरुवार को एक कार के खड़े ट्रक से टकराने से दो युवक घायल हो गये। प्राप्त जानकारी के अनुसार, भीम-उनियारा राष्ट्रीय राजमार्ग 148डी (Bhim-Uniyara National Highway 148D) पर आज तड़के पांच बजे बडला चौराहे के निकट शाहपुरा की ओर से आ रही कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से में जा टकराई। इससे कार में सवार सांवर लाल और छोटू लाल घायल हो गये। सूत्रों ने बताया कि दोनों घायलों को एम्बुलेंस से गुलाबपुरा चिकित्सालय पहुंचाया, जहां से उन्हें भीलवाड़ा के जिला अस्पताल भेज दिया गया।
चम्बा में मादक दवाओं पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, एक मेडिकल स्टोर का विक्रय रोका
उत्तराखंड में टिहरी जनपद के चम्बा क्षेत्र में मादक एवं मन:प्रभावी दवाओं (narcotic *****) की बिक्री के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देश पर बुधवार को औषधि निरीक्षण विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने क्षेत्र के विभिन्न मेडिकल स्टोर्स पर औचक निरीक्षण अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोर्स में उपलब्ध मादक (नारकोटिक) और मन:प्रभावी दवाओं के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया गया। साथ ही दवाओं के क्रय-विक्रय अभिलेखों की गहन जांच की गई। टीम ने प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी पड़ताल की, ताकि दवाओं की बिक्री प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे। जांच के दौरान एक मेडिकल स्टोर में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जिस पर मौके पर ही उसके क्रय-विक्रय को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया। इसके अतिरिक्त दो अन्य मेडिकल स्टोर्स को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
होली से पहले रुद्रप्रयाग में मिलावटी खाद्य पदार्थों के विक्रय पर सख्त कार्रवाई, आठ नमूने जांच को भेजे
उत्तराखंड में रुद्रप्रयाग जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा एवं आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन, देहरादून के निर्देशों के क्रम में होली पर्व को ध्यान में रखते हुए अगस्त्यमुनि क्षेत्र में जिला प्रशासन एवं खाद्य संरक्षा प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा गुरुवार को व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया। अपर जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग श्याम सिंह राणा के नेतृत्व में किये गये इस औचक निरीक्षण से क्षेत्र के व्यापारियों में हड़कंप की स्थिति रही। खाद्य सुरक्षा अधिकारी रुद्रप्रयाग पवन कुमार द्वारा आज बताया गया कि जांच कार्य के लिए टीम के साथ रेस्टोरेंट, मिष्ठान भंडार, बेकरियां, रिटेलर, होलसेलर एवं वितरकों के प्रतिष्ठानों में विक्रय हो रहे खाद्य पदार्थों एवं मिठाइयों की सघन जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान कुल आठ खाद्य नमूने एकत्रित कर राज्य खाद्य विश्लेषणशाला, रुद्रपुर को परीक्षण हेतु भेजे गये। इनमें संदेहास्पद मावा के दो नमूने दो अलग-अलग प्रतिष्ठानों से लिये गये। इसके अतिरिक्त बाजार में बिक रहे गुलाब जामुन, लड्डू, सूजी, पास्ता, रंगीन कचरी तथा सरसों के तेल के नमूने भी प्रयोगशाला जांच हेतु संग्रहित किये गये हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्यवाही की जाएगी। अभियान के दौरान कतिपय प्रतिष्ठानों में रंगीन एवं बासी मिठाइयां तथा एक्सपायरी बिस्कुट, मसाले, नूडल्स, रिफाइंड तेल, रंगीन चिप्स, सोनपापड़ी एवं दूध पाए गए, जिन्हें कड़ी चेतावनी देते हुए मौके पर ही नष्ट कराया गया। दो खाद्य प्रतिष्ठानों में पायी गई अनियमितताओं एवं नियमानुसार खाद्य लाइसेंस न बनाए जाने पर नोटिस जारी किये जा रहे हैं।
सभी खाद्य कारोबारकर्ताओं को स्वच्छता मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने, खाद्य पदार्थों का क्रय-विक्रय बिल के साथ करने तथा किसी भी प्रकार के एक्सपायरी खाद्य पदार्थ का विक्रय न करने के सख्त निर्देश दिये गये। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष ऊखीमठ क्षेत्र से लिया गया दूध का नमूना एवं न्यूट्रीलाइव सोयाबीन रिफाइंड तेल अधोमानक पाए जाने पर जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय, रुद्रप्रयाग में वाद दायर किये गये थे। सुनवाई उपरांत माननीय जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय, रुद्रप्रयाग द्वारा संबंधित मामलों में क्रमशः 20,000 रुपये एवं 50,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अतिरिक्त एक्सपायरी खाद्य पदार्थ का विक्रय करने वाले एक खाद्य कारोबारी पर 40,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Thu, Feb 26 , 2026, 12:13 PM