नयी दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने यहां भारत मंडपम में आयोजित कृत्रिम बुद्धिमता (AI) समिट में शुक्रवार को युवा कांग्रेस के प्रदर्शन को शर्मनाक करार दिया है। खंडेलवाल ने संवाददाताओं से कहा कि जब देश एआई , नवाचार और भारत के तकनीकी भविष्य पर मंथन कर रहा था, उस समय इस प्रकार का भद्दा और ध्यान आकर्षित करने वाला “नग्न प्रदर्शन” (Naked Protest) करना देश की गरिमा को ठेस पहुँचाने जैसा है। उन्होंने कहा कि यह आचरण उस दिवालिया मानसिकता को उजागर करता है जो आज कांग्रेस की पहचान बन चुकी है। विचार, नीति विकल्प और सार्थक बहस प्रस्तुत करने के बजाय कांग्रेस केवल नाटक, उकसावे और अव्यवस्था फैलाने की राजनीति कर रही है। यह व्यवहार न केवल राजनीतिक हताशा दर्शाता है, बल्कि देश के युवाओं की आकांक्षाओं से पूर्णतः कटे होने का प्रमाण भी है।
उन्होंने कहा कि लगातार चुनावी पराजयों के बावजूद कांग्रेस ने आत्ममंथन नहीं किया है। श्री राहुल गांधी के विफल और अप्रभावी नेतृत्व में कांग्रेस ने रचनात्मक विपक्ष की भूमिका छोड़कर केवल प्रदर्शन और सनसनी की राजनीति को अपनाया है। खंडेलवाल ने कहा कि भारत का युवा अवसर, नवाचार और वैश्विक नेतृत्व चाहता है, इस तरह का आचरण नहीं। एआई समिट भारत की तकनीकी क्षमता और वैश्विक दृष्टि को प्रस्तुत करने का मंच था; इसे बाधित करने का प्रयास राष्ट्रीय प्रगति का अपमान है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Fri, Feb 20 , 2026, 06:59 PM