Veda Candidate Examination : 23-27 फरवरी तक होंगी वेद छात्रों की वार्षिक परीक्षाएं

Thu, Feb 19 , 2026, 12:36 PM

Source : Uni India

प्रयागराज: वेद अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों (Students studying the Vedas) की वार्षिक परीक्षाएं 23 फरवरी से प्रारंभ होकर 27 फरवरी तक आयोजित की जाएंगी। महर्षि सांदीपनि राष्ट्रीय वेद संस्कृत शिक्षा बोर्ड (The Maharishi Sandipani National Veda Sanskrit Education Board) ने प्रयागराज मंडल के लिए परीक्षा केंद्र क्रमांक 80 के रूप में झूंसी स्थित श्री स्वामी नरोत्तमानन्द गिरि वेद विद्यालय (Shri Swami Narottamanand Giri Veda Vidyalaya) को नामित किया है।

इस केंद्र पर प्रयागराज मंडल के लगभग 325 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे, जिनमें 294 छात्र अनुदानित वेद पाठशालाओं/इकाइयों से तथा 31 छात्र अनुदानरहित बाह्य परीक्षा प्रणाली के अंतर्गत शामिल हैं। वेद को मुख्य विषय के रूप में अध्ययन करने वाले इन विद्यार्थियों की साक्षात मौखिक परीक्षा वेद विद्या प्रतिष्ठान द्वारा चयनित वेदाचार्यों के पैनल के समक्ष सम्पन्न कराई जाएगी। आधुनिक विषयों में संस्कृत, अंग्रेजी, गणित, सामाजिक विषय, कंप्यूटर, वैदिक साहित्य का इतिहास, भारतीय ज्ञान-विज्ञान परंपरा, विज्ञान तथा कौशल विकास 3.0 की लिखित परीक्षा आयोजित होगी। प्रयागराज केंद्र पर प्रयागराज के अतिरिक्त प्रतापगढ़, फतेहपुर आदि जिलों के छात्र भी परीक्षा में भाग लेंगे। 

बोर्ड द्वारा केंद्र व्यवस्थापक के रूप में सामवेदाचार्य एवं विद्यालय के प्राचार्य ब्रजमोहन पांडेय को नियुक्त किया गया है। केंद्र व्यवस्थापक के अनुसार, वेद भूषण एवं वेद विभूषण पाठ्यक्रम के प्रथम से षष्ठ वर्ष तक की लिखित एवं मौखिक परीक्षाएं 23 से 27 फरवरी तक होंगी। लिखित परीक्षा प्रातः 8 बजे से 11 बजे तक आयोजित की जाएगी। अपराह्न 11 बजे से 1 बजे तक वेद विषय की मौखिक परीक्षा होगी, जबकि दोपहर 2 बजे से सायं 7 बजे तक दूसरी पाली में मौखिक परीक्षाएं संचालित की जाएंगी।

ऋग्वेद, यजुर्वेद, सामवेद और अथर्ववेद की मौखिक परीक्षा अलग-अलग समयानुसार परीक्षकों के पैनल के समक्ष कराई जाएगी, जिसमें कंठस्थीकरण, स्वर संचालन एवं शुद्ध उच्चारण का परीक्षण होगा। देश भर में कुल 87 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें प्रयागराज मंडल के लिए यह एकमात्र केंद्र निर्धारित किया गया है। परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी निगरानी, नकल-रोधी व्यवस्था तथा अनुचित साधनों की रोकथाम के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।

परीक्षार्थियों के लिए आवास, भोजन और नाश्ते की निःशुल्क व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। परीक्षा सामग्री, प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाएं निर्धारित केंद्र पर पहुंच चुकी हैं। बोर्ड ने केंद्र पर्यवेक्षक, सह-केंद्र पर्यवेक्षक एवं परीक्षकों का पैनल नियुक्त कर दिया है। परीक्षा व्यवस्थाओं के संचालन में संस्कृत अध्यापक शिवानंद द्विवेदी तथा आधुनिक विषयों के अध्यापक कृष्णकुमार मिश्र, अवनी सिंह और अंजनी कुमार सिंह को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups