नयी दिल्ली: भारतीय चावल निर्यातक संघ (आईआरईएफ) ने गुरूवार को ऐलान करते हुए कहा कि उसकी एक सदस्य कंपनी ने अमेरिका को 5,000 टन प्रीमियम भारतीय बासमती चावल निर्यात करने का एक व्यावसायिक समझौता किया है । यह समझौता भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय कृषि व्यापार को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।
संघ ने यहां जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी देते हुए दावा किया कि यह निर्यात आदेश प्रामाणिक भारतीय बासमती चावल की बढ़ती वैश्विक मांग और भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों में नयी गति को दर्शाता है। आईआरईएफ के अनुसार, यह समझौता भारतीय बासमती चावल की गुणवत्ता, सुगंध और प्रामाणिकता को दर्शाता है और वैश्विक खरीदारों के भारतीय निर्यातकों पर निरंतर विश्वास को प्रकट करता है।
गौरतलब है कि भारत वर्तमान में बासमती चावल का दुनिया का सबसे बड़ा निर्यातक बना हुआ है । विशेष रूप से सुगंधित चावल की किस्मों के प्रति बढ़ती उपभोक्ता पसंद के कारण अमेरिकी बाजार भारत के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण देश के रूप में देखा जाता है। संघ ने यह भी कहा कि वह देश की कृषि-निर्यात अर्थव्यवस्था के विकास में योगदान देने के लिए नीति निर्माताओं और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के साथ मिलकर काम करना जारी रखेगा ।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Thu, Feb 19 , 2026, 09:05 AM