शिलांग: मेघालय के पूर्वी जैंतिया हिल्स जिले के मिनसिनगाट-थांगस्को इलाके में अवैध कोयला खदान में हुए धमाके में मरने वालों की संख्या बढ़कर 28 हो गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी है। पूर्वी जैंतिया हिल्स के जिला मजिस्ट्रेट और उपायुक्त मनीष कुमार ने बताया कि हादसे में बुरी तरह जले राजू तमांग (34) की सोमवार को शिलांग के उत्तर पूर्वी इंदिरा गांधी क्षेत्रीय स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विज्ञान संस्थान अस्पताल में मौत हो गई। उन्होंने देर रात एक प्रेस बयान में खनन हादसे वाली जगह पर तलाशी और बचाव अभियान बंद करने की भी घोषणा की।
राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रया बल (एनडीआरएफ) और विशेष बचाव टीम की एक टीम द्वारा किया गया तलाशी और बचाव अभियान आज शाम 5.00 बजे रोक दिया गया। कुमार ने कहा कि घटना में घायल हुए आठ लोगों का शिलांग के अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने पांच फरवरी को हुए अवैध कोयला खनन विस्फोट की जांच के लिए एक न्यायिक जांच आयोग बनाने की घोषणा की। इससे पहले, मेघालय उच्च न्यायालय ने राज्य सरकार को गैर-कानूनी कोयला खनन के संबंध में 10 दिनों के अंदर एक विस्तृत रिपोर्ट जमा करने और मिनसिंगट-थांगस्को में डायनामाइट ब्लास्ट से जुड़े लोगों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया था।
न्यायमूर्ति हमरसन सिंह थांगखिव और न्यायमूर्ति वानलुरा डिएंगदोह की खंडपीठ ने यह भी चेतावनी दी कि जवाबदेही तय की जाएगी; अगर ज़रूरी हुआ, तो एक स्वतंत्र या केन्द्रीय एजेंसी द्वारा सही जांच और पूछताछ शुरू करने के लिए आगे के आदेश दिए जाएंगे। उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक विकास कुमार अदालत के सामने पेश हुए और डायनामाइट ब्लास्ट के बाद उठाए गए कदमों के बारे में एक स्टेटस रिपोर्ट जमा की। कुमार ने कहा कि कार्रवाई के दौरान गैर-कानूनी खनन के कामों में इस्तेमाल होने वाले अस्थायी शिविरों की पहचान की गई और उन्हें नष्ट कर दिया गया।
ज़िला मजिस्ट्रेट ने कहा, "रिपोर्ट की गई गैर-कानूनी खनन के कामों के सिलसिले में एफआईआर दर्ज की गई हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई चल रही है।" उन्होंने कहा कि मिनसनगाट-थांगस्को में खनन धमाके के आठ पीड़ितों को 24 लाख रुपये का मुआवज़ा दिया गया है। उन्होंने कहा कि जब भी मरने वालों के बाकी परिवारों के रिश्तेदारों से दस्तावेजी सबूत मिल जाएंगे, तो मुआवज़ा दिया जाता रहेगा। इस बीच कुमार ने जिले के लोगों से अधिकारियों के साथ सहयोग करने, गैर-कानूनी खनन से बचने और खतरनाक या प्रतिबंधित खनन इलाकों में जाने से बचने की अपील की। जांगिड़



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Tue, Feb 10 , 2026, 08:12 AM