नयी दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Chief Minister Rekha Gupta) ने शुक्रवार को कहा कि 'भारत टैक्सी' का उद्देश्य दिल्ली आने वाले पर्यटकों के साथ ही यहां के नागरिकों को सुरक्षित, भरोसेमंद और पारदर्शी टैक्सी सेवाएं देना तथा टैक्सी चालकों की आय एवं सम्मान को मजबूत करना है। गुप्ता ने आज कहा कि दिल्ली देश का पहला राज्य बन गया है, जिसने 'भारत टैक्सी' के सहकारी मोबिलिटी प्लेटफॉर्म के साथ औपचारिक साझेदारी की है। इसका उद्देश्य दिल्ली आने वाले पर्यटकों और यहां के नागरिकों को सुरक्षित, भरोसेमंद और पारदर्शी टैक्सी सेवाएं देना तथा टैक्सी चालकों की आय एवं सम्मान को मजबूत करना है। यह समझौता एक साथ ईज ऑफ लिविंग, ईज ऑफ ट्रैवल और ईज ऑफ अर्निंग को सशक्त करने की दिशा में अहम कदम है।
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (DTTDC) ने भारत टैक्सी की सहकारी इकाई सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड (STCL) के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस साझेदारी का उद्देश्य दिल्ली में सहकारी मॉडल के तहत आधुनिक और भरोसेमंद टैक्सी सेवाओं को मजबूत करना है। परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ ऐसे मॉडल को आगे बढ़ाना है, जिसमें तकनीक के साथ-साथ मानवीय गरिमा और आजीविका की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो। सहकारी टैक्सी मॉडल इसी सोच को जमीन पर उतारता है। उन्होंने बताया कि इस साझेदारी के तहत डीटीटीडीसी पर्यटन और ब्रांडिंग पार्टनर की भूमिका निभाएगा। चूंकि टैक्सी चालक पर्यटकों के लिए शहर का पहला परिचय होते हैं, इसी को ध्यान में रखते हुए उन्हें सॉफ्ट स्किल्स, दिल्ली की संस्कृति, इतिहास और विरासत से जुड़ा विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षित चालक दिल्ली पर्यटन के 'ब्रांड एम्बेसडर' के रूप में काम करेंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस समझौते के तहत दिल्ली आने वाले पर्यटकों के लिए टैक्सी के जरिए खास घूमने-फिरने के पैकेज शुरू किए जाएंगे। इनमें दो घंटे, चार घंटे और पूरे दिन के दर्शनीय स्थल भ्रमण के विकल्प होंगे, जिनमें दिल्ली और आसपास के प्रमुख पर्यटन स्थल शामिल रहेंगे। इसके अलावा शहर के भीतर एक जगह से दूसरी जगह जाने के लिए पॉइंट-टू-पॉइंट टैक्सी सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे लास्ट-माइल कनेक्टिविटी बेहतर होगी और रोजाना सफर करने वाले लोगों को ज्यादा सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार के लिए यह साझेदारी पर्यटन सुविधाओं को मजबूत करने, शहरी परिवहन को बेहतर बनाने और सभी को साथ लेकर आर्थिक विकास को बढ़ावा देने में मददगार साबित होगी। सहकारी प्लेटफॉर्म के जरिए सरकार साफ-सुथरी, जिम्मेदार और टिकाऊ परिवहन व्यवस्था को आगे बढ़ाना चाहती है। इससे दिल्ली की पहचान एक पर्यटक-अनुकूल शहर के रूप में और मजबूत होगी।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Fri, Feb 06 , 2026, 06:56 PM