Apples New Record: भारत में आईफोन की बिक्री ने बनाया तिमाही रिकॉर्ड! 15 प्रतिशत सालाना वृद्धि 

Fri, Jan 30 , 2026, 12:51 PM

Source : Hamara Mahanagar Desk

Apple's Quarterly Revenue: महंगे टेक उत्पाद बनाने वाली अमेरिकी कंपनी एप्पल (tech giant Apple) का राजस्व 27 दिसंबर 2025 को समाप्त पहली तिमाही में 15 प्रतिशत सालाना वृद्धि के साथ नये रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया जिसमें भारतीय बाजार में आईफोन से रिकॉर्ड तिमाही राजस्व (revenue from iPhones) भी शामिल है।' तिमाही के दौरान कंपनी का कुल राजस्व 15.65 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 143.76 अरब डॉलर पर पहुंच गया। इसमें आईफोन का राजस्व 85.27 अरब डॉलर, मैक का 8.39 अरब डॉलर और आईपैड का 8.6 अरब डॉलर दर्ज किया गया। शेष हिस्सा वेयरेबल्स का रहा। इन उत्पादों की सर्विसिंग (servicing these products) से कंपनी को 30.01 अरब डॉलर की कमाई हुई। एप्पल को तिमाही के दौरान 42.1 अरब डॉलर का शुद्ध लाभ हुआ जो एक साल पहले के मुकाबले 15.87 प्रतिशत अधिक है।

एप्पल के मुख्य वित्तीय अधिकारी केवन पारेख ने बताया कि भारत में पहले के मौजूद ग्राहकों से भी कमाई बढ़ रही है।उन्होंने बताया कि आईफोन 17 की वजह से साल-दर-साल आईफोन के राजस्व में 23 प्रतिशत की वृद्धि रही। आईफोन ने दुनिया भर में अच्छा प्रदर्शन किया जिसमें अमेरिका, चीन, लैटिन अमेरिका, पश्चिमी यूरोप, मध्य पूर्व, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण एशिया शामिल हैं। इसके साथ ही भारत में दिसंबर तिमाही का रिकॉर्ड भी बनाया।

भारतीय बाजार के बारे में एक सवाल के जवाब में एप्पल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी टिम कुक ने कहा, "हमने दिसंबर तिमाही में राजस्व का रिकॉर्ड बनाया। हमने आईफोन, मैक और आईपैड पर तिमाही राजस्व के रिकॉर्ड बनाये, और बिक्री बाद सेवाओं में अब तक का सबसे अधिक राजस्व का रिकॉर्ड बनाया। यह भारत में एक शानदार तिमाही थी। यह दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा स्मार्टफोन बाजार और चौथा सबसे बड़ा पीसी बाजार है। पूर्व में बहुत अच्छी वृद्धि के बावजूद, वहां हमारी हिस्सेदारी अब भी बहुत कम है। इसलिए हमें लगता है कि हमारे लिए वहां बहुत बड़ा मौका है। भारत में अधिकतर ग्राहक आईफोन, मैक, आईपैड और घड़ियां खरीद रहे हैं।

इससे पहले  कुक ने कंपनी के प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए बताया कि अमेरिका, यूरोप, जापान और एशिया-प्रशांत के बाकी के देशों में तिमाही राजस्व का नया रिकॉर्ड बना है और अधिकतर बाजारों में वृद्धि दर्ज की गयी है। उभरते हुए बाजारों पर कंपनी की पकड़ लगातार मजबूत हो रही है जिसमें भारत भी शामिल है, जहाँ दहाई अंक की वृद्धि दर्ज की गयी है। उन्होंने बताया कि कंपनी जल्द ही मुंबई में एक और स्टोर खोलेगी जो देश में उसका छठा स्टोर होगा। कंपनी ने बताया कि प्रति शेयर उसकी आय 2.84 डॉलर रही, जो पिछले साल की तुलना में 19 प्रतिशत ज़्यादा है। एप्पल के निदेशक मंडल ने प्रति इक्विटी शेयर 0.26 डॉलर का नकद लाभांश घोषित किया है। यह 12 फरवरी को दिया जायेगा जिसके लिए 9 फरवरी की शेयरधारिता को आधार बनाया जायेगा।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups