मुंबई: अभिनेता आदित्य रावल ने सीरीज दलदल में अपने किरदार की तैयारी पर बात की है। आदित्य रावल अपनी नई रिलीज़ दलदल को लेकर मिल रहे प्यार से बेहद खुश हैं। यह एक मनोवैज्ञानिक क्राइम थ्रिलर है, जिसमें वह साजिद नाम के एक नशे के आदी व्यक्ति का किरदार निभा रहे हैं, जो बर्बादी और मजबूरी के बीच फंसा हुआ है। आदित्य ने कहा कि दर्शक उनके किरदार के अंदर चल रहे संघर्ष को समझ पा रहे हैं, यही उनके लिए सबसे बड़ी खुशी है।
उन्होंने कहा, “मेरी परफॉर्मेंस का सादा और अंदरूनी होना इस बात से आता है कि मुझे अपने किरदार को लेकर पूरा भरोसा था। यदि यह भरोसा न हो, तो अभिनय बनावटी लग सकता है। मुझे खुशी है कि यह बात दर्शकों तक पहुंची।” आदित्य ने बताया कि तैयारी ने उन्हें बहुत कुछ सिखाया है,चाहे उनकी पहली फिल्म बमफाड़ हो या दलदल। उन्होंने तीर-कमान चलाना, अलग-अलग लहजे सीखना, धार्मिक ग्रंथों को समझना, युवाओं में कट्टरता और कुरान के बारे में भी जाना। उन्होंने कहा कि उन्होंने निर्देशक अमृत राज गुप्ता और को-एक्टर समारा तिजोरी के साथ कई चर्चाएं कीं और खूब पढ़ाई की।
आदित्य ने कहा, “मैंने नशे की लत पर गहराई से रिसर्च की।यह शरीर और दिमाग पर कैसे असर डालती है, एक नशेड़ी के मन में क्या चलता है, उसका अहंकार कैसे टूटता है, वह कैसे असुरक्षित महसूस करता है और उस असुरक्षा को छुपाने की कोशिश करता है। गुस्सा भी इसका हिस्सा होता है।” आदित्य ने डॉक्यूमेंट्रीज़ देखीं, किताबें पढ़ीं और मुंबई के बाहर स्थित फ्रीडम सेंटर नाम के नशा मुक्ति केंद्र का भी दौरा किया।उन्होंने कहा, “वह सबसे ज़रूरी अनुभव था। मैं वहां कई बार गया, ब्रायन से बात की और स्क्रिप्ट से जुड़े कई सवाल पूछे।
निर्देशक अमृत राज गुप्ता और सुरेश त्रिवेणी ने हमारी खोजों को कहानी में शामिल किया, जिससे किरदार और भी असली लगा। ब्रायन शूटिंग के दौरान भी सेट पर मौजूद रहते थे, खासकर ड्रग्स या विदड्रॉअल से जुड़े सीन में। हर चीज़ की पुष्टि की गई, जिससे आत्मविश्वास और बढ़ गया। विष धामीजा की किताब भेंडी बाज़ार पर आधारित दलदल में भूमि सतीश पेडनेकर, आदित्य रावल और समारा तिजोरी अहम भूमिकाओं में हैं।इस सीरीज़ का निर्देशन अमृत राज गुप्ता ने किया है और इसे विक्रम मल्होत्रा और सुरेश त्रिवेणी ने प्रोड्यूस किया है।दलदल अब अमेज़न प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रही है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Wed, Feb 04 , 2026, 08:46 AM