Vij Inspection: विज ने अटल मॉल एंड बैंक स्क्वेयर नाइट फूड स्ट्रीट और फायर ब्रिगेड बिल्डिंग का किया निरीक्षण!

Wed, Jan 28 , 2026, 06:36 PM

Source : Uni India

चंडीगढ़। हरियाणा के ऊर्जा परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज (Minister Anil Vij) ने बुधवार को अम्बाला छावनी में निर्माणाधीन तीन प्रमुख परियोजनाओं अटल मॉल एंड बैंक स्क्वेयर नाइट फूड स्ट्रीट और फायर ब्रिगेड बिल्डिंग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर परिषद अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिये कि सभी कार्य तय समय सीमा में पूर्ण किये जायें। उन्होंने कहा कि लगभग 200 करोड़ रुपये की लागत से बन रही ये परियोजनाएं अम्बाला छावनी के विकास में मील का पत्थर साबित होंगी और आमजन को सीधा लाभ मिलेगा।

निरीक्षण के दौरान श्री विज ने अटल मॉल एंड बैंक स्क्वेयर (Atal Mall & Bank Square) के प्रथम चरण के कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिये, ताकि यहां शिफ्ट होने वाले बैंक जल्द अपना संचालन शुरू कर सकें। उन्होंने बताया कि पहले चरण का कार्य लगभग 111 करोड़ रुपये की लागत से अंतिम चरण में है, जबकि दूसरे चरण के टेंडर भी शीघ्र ही आवंटित किये जाएंगे। बैंकों के एक ही स्थान पर आने से बाजारों में भीड़-भाड़ कम होगी और नागरिकों को एक ही छत के नीचे बैंकिंग सुविधाएं मिलेंगी। मंत्री ने परिसर में बैठने की व्यवस्था और अन्य जनसुविधाएं बढ़ाने के निर्देश भी दिये।

अधिकारियों ने बताया कि बैंक स्क्वेयर का प्रथम चरण मार्च के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। पहले चरण में तीन मंजिला भवन में कुल 44 शोरूम बनकर तैयार हो चुके हैं। यहां चार लिफ्ट, बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर पर 317 कारों की पार्किंग तथा 70 किलोलीटर प्रतिदिन क्षमता का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट भी स्थापित किया गया है। शोरूम की जानकारी लेने के लिए रोजाना सैकड़ों लोग यहां पहुंच रहे हैं। द्वितीय चरण में 54 शोरूम, पांच लिफ्ट और 450 सीटों की क्षमता वाला ऑडिटोरियम बनाया जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार द्वारा 64.47 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति पहले ही प्रदान की जा चुकी है। इसके बाद श्री विज ने जगाधरी रोड स्थित नाइट फूड स्ट्रीट का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि ओपन सिटिंग एरिया में टेबल-कुर्सियों के साथ वॉटरप्रूफ छतरियां लगायी जायें, ताकि लोग आराम से बैठकर भोजन का आनंद ले सकें। साथ ही आकर्षक लाइटिंग, दुकानों के आगे शेल्फ और अन्य सुविधाएं विकसित करने के भी निर्देश दिये गये।

करीब साढ़े पांच करोड़ रुपये की लागत से बन रही नाइट फूड स्ट्रीट में 60 दुकानें तैयार की गयी हैं, जिनमें 40 वेज और 20 नॉन-वेज होंगी। दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। पूरी मार्केट वातानुकूलित होगी और पास में पार्किंग सुविधा भी उपलब्ध होगी। वेस्ट मैनेजमेंट के लिए ट्रीटमेंट प्लांट लगाया जाएगा जिससे खाद्य अपशिष्ट और पानी का वैज्ञानिक तरीके से निपटान किया जा सकेगा।
मंत्री ने फायर ब्रिगेड बिल्डिंग का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि लगभग 95 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और शेष कार्य शीघ्र पूर्ण कर लिया जाएगा। करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से बन रही इस परियोजना में तीन मंजिला मुख्य फायर ब्रिगेड कार्यालय और पांच मंजिला रेजिडेंस ब्लॉक शामिल है। मुख्य भवन में 15 फायर ब्रिगेड वाहनों की पार्किंग की सुविधा होगी, जबकि रेजिडेंस ब्लॉक में स्टाफ के लिए थ्री-बीएचके के 10 फ्लैट बनाये गये हैं।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups