IIT Madras: आईआईटी मद्रास प्रवर्तक और स्वयम प्लस ग्रामीण स्कूल शिक्षकों के लिए निःशुल्क एआई प्रशिक्षण शुरू करेंगे

Tue, Jan 27 , 2026, 08:27 PM

Source : Uni India

चेन्नई। आईआईटी मद्रास (IIT Madras) प्रवर्तक टेक्नोलॉजीज़ फाउंडेशन ने केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के स्वयम प्लस के साथ साझेदारी कर देशभर के ग्रामीण स्कूल शिक्षकों के लिए निःशुल्क कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने की घोषणा की है। यह प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क होगा। 'एआई फॉर एजुकेटर्स-के-12 टीचर्स'(कक्षा 1 से 12 तक) नामक यह सर्टिफिकेशन कोर्स पांच फरवरी से शुरू होगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को कक्षा शिक्षण और सीखने की प्रक्रिया में एआई को प्रभावी रूप से शामिल करने के लिए आवश्यक कौशल प्रदान करना है। इस कोर्स के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 31 जनवरी है।

डिजिटल तकनीकों (digital technologies) में तेज़ी से हो रहे विकास के बीच एआई शिक्षा क्षेत्र में एक परिवर्तनकारी शक्ति के रूप में उभर रहा है, जो शिक्षण पद्धतियों को नया रूप दे रहा है। यह शिक्षकों की उत्पादकता बढ़ा रहा है, संवादात्मक शिक्षण को प्रोत्साहित कर रहा है और डेटा-आधारित मूल्यांकन को सक्षम बना रहा है। लगभग 40 घंटे का यह कार्यक्रम शिक्षकों को एआई टूल्स और पद्धतियों को आत्मविश्वास के साथ अपनाने में मदद करेगा, ताकि सीखने के परिणाम बेहतर हों और स्कूलों तथा कॉलेजों में तकनीक का समावेशी और जिम्मेदार उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।

आईआईटी मद्रास प्रवर्तक टेक्नोलॉजीज़ फाउंडेशन के मुख्य ज्ञान अधिकारी बालमुरली शंकर ने कहा, "एआई शिक्षा के भविष्य को तेज़ी से नया आकार दे रहा है। इस कार्यक्रम के माध्यम से हमारा लक्ष्य शिक्षकों को व्यावहारिक एआई टूल्स और शिक्षण रणनीतियों से सशक्त बनाना है, जिससे कक्षा की प्रभावशीलता और छात्रों की सहभागिता बढ़े। यह कोर्स शिक्षकों को भविष्य के लिए तैयार और एआई को जिम्मेदारी से अपनाने में सक्षम बनाएगा।" इस कोर्स के तहत प्रतिभागियों को एआई-आधारित शिक्षण उपकरणों का हैंड्स-ऑन अनुभव और दैनिक कक्षा गतिविधियों में एआई के उपयोग की व्यावहारिक रणनीतियां सिखाई जाएंगी। मुख्य सीखने के परिणामों में आधुनिक शिक्षा में एआई की भूमिका को समझना, शिक्षण पद्धति और शिक्षक उत्पादकता बढ़ाने के लिए एआई टूल्स का उपयोग, छात्रों की संवादात्मक सहभागिता और परिकल्पना के लिए एआई का प्रयोग शामिल है।

इसके अलावा, शिक्षकों को एआई-सक्षम मूल्यांकन और ग्रेडिंग टूल्स, विषय-विशेष शिक्षण में एआई के उपयोग, विविध शिक्षार्थियों के लिए समावेशी एआई रणनीतियों, तथा एआई-आधारित ऑनलाइन और ब्लेंडेड लर्निंग सत्र संचालित करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद शिक्षक एआई-संचालित शिक्षण संसाधनों को डिज़ाइन और प्रस्तुत करने में भी सक्षम होंगे। कार्यक्रम में एक परिचयात्मक सत्र और आठ मॉड्यूल शामिल हैं, जिनमें जनरेटिव एआई टूल्स, प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग, गेमिफिकेशन, स्टोरीटेलिंग, एआई-आधारित लेसन प्लानिंग, एआर/वीआर और विज़ुअलाइजेशन जैसे छात्र सहभागिता टूल्स, एआई-सक्षम मूल्यांकन पद्धतियां, विषय-विशेष उपयोग, समावेशी शिक्षा रणनीतियां और ऑनलाइन शिक्षण प्लेटफॉर्म शामिल हैं। यह कोर्स ग्रामीण स्कूलों के शिक्षकों के लिए है, जिसे अंग्रेज़ी भाषा में पढ़ाया जाएगा। प्रशिक्षण की अवधि 40 घंटे होगी और परीक्षा वर्चुअल, प्रॉक्टर्ड मोड में आयोजित की जाएगी। ग्रामीण स्कूलों के पहले 500 शिक्षकों के लिए प्रमाणन शुल्क पूरी तरह माफ किया जाएगा।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups