मुंबई: शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने सोमवार को महाराष्ट्र की महायुति सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि महाराष्ट्र अब भ्रष्टाचार में पहले स्थान पर है जबकि विकास एवं ईमानदारी के मामले में ये सबसे निचले पायदान पर है। श्री ठाकरे ने इसे बेहद शर्म की बात कही।
राज्य मंत्रिमंडल से 'भ्रष्ट एवं अहंकारी मंत्रियों' की बर्खास्तगी की मांग को लेकर ठाकरे गुट ने पूरे राज्य में जिला कलेक्टर कार्यालयों के सामने विरोध प्रदर्शन किया। श्री ठाकरे ने आज मुंबई में खुद इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया। श्री ठाकरे ने कहा, ‘’अतीत में अगर किसी मंत्री के खिलाफ आरोप लगते थे तो वे इस्तीफा दे देते थे। जांच होती थी और अगर आरोप साबित होते थे तो कार्रवाई होती थी। पहले यही परंपरा थी लेकिन आज वह परंपरा लुप्त हो गई है।‘’
राज्य के खेल मंत्री पर निशाना साधते हुए ठाकरे ने कहा ‘’वह राज्य के खेल मंत्री नहीं बल्कि एक ‘रमी’ मंत्री है।‘’ प्रदर्शनकारियों ने ‘’भ्रष्टाचारियों के साथ क्या किया जाए..’’ जैसे नारे लगाए। ठाकरे ने शिवसेना (शिंदे गुट) पर तंज कसते हुए कहा, ‘’उन्हें हटाने के लिए दिमाग चाहिए लेकिन दिमाग की जगह इन लोगों के पास बक्से हैं। इनके हाथ-पैर तो सूरत और गुवाहाटी भागने के लिए ही हैं।’’
राज्य में जारी भ्रष्टाचार एवं उत्पीड़न के खिलाफ लोगों से एकजुट होने का आह्वान करते हुए ठाकरे ने कहा, ‘’आज शिवसेना पूरे महाराष्ट्र में सड़कों पर उतर आई है। शिवसैनिक हर जिले में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। सत्ता में बैठे लोगों के खिलाफ लड़ने के लिए साहस की जरूरत होती है और शिवसेना के पास यह है।‘’
महाराष्ट्र सरकार पर तंज कसते हुए ठाकरे ने कहा, ‘’मुझे सचमुच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर तरस आ रहा है। यह सरकार प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में आई है। इनके आका दिल्ली में बैठे हुए हैं फिर भी सरकार लाचार है। यह वास्तव में दयनीय स्थिति है।‘’
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Tue, Aug 12 , 2025, 08:44 AM