National and State News: राजस्थान में अलवर के सरिस्का बाघ अभ्यारण्य के अकबरपुर पुलिस थाना के उमरेन रेंज वन चौकी में एक सहायक वनपाल ने शराब के नशे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस थाने के हेड कांस्टेबल योगेंद्र सिंह ने बताया कि खैरथल निवासी 45 वर्ष के अखिलेश डूडी पिछले आठ साल से उमरेन रेंज वन चौकी पर सहायक वनपाल के रूप में काम कर रहा था और वह यही रह रहा था मंगलवार सुबह जब साथी कर्मचारी वन चौकी पर गया। रूम अंदर से बंद था। काफी खटखटाना के बाद भी नहीं खोला तो साथी कर्मचारी ने पीछे से जाकर खिड़की से देखा तो अखिलेश डूडी फंदे पर लटका हुआ था।
पुलिस को सूचना दी गई और शव को नीचे उतारा गया। पुलिस के अनुसार सहायक वनपाल अखिलेश ने रात को ही आत्महत्या की है। शव को राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय में लेकर आए। जिस कमरे में सहायक वनपाल ने आत्महत्या की है। उस कमरे में शराब के पव्वे भी मिले हैं। मृतक के तीन बच्चे हैं एक प्राइवेट नौकरी कर रहा है और दो नौकरी की तैयारी कर रहे हैं।
भिलाई इस्पात संयंत्र के पावर प्लांट में टरबाइन में लगी आग, कोई हताहत नहीं
दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले स्थित भिलाई इस्पात संयंत्र में मंगलवार को पावर प्लांट पीबीएस-2 के टरबाइन में अचानक आग लग गई। आग लगने की घटना से संयंत्र परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए गए। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। घटना के बाद संयंत्र प्रबंधन और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं तथा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है।
पंजाब के कुराली के निजी स्कूल में महिला इंस्पेक्टर के साथ कथित दुर्व्यवहार
चंडीगढ़: पंजाब के कुराली के पास सिसवां रोड स्थित एक निजी स्कूल में उस समय विवाद खड़ा हो गया जब एक महिला इंस्पेक्टर अपने पति के साथ बच्चे का सेक्शन बदलवाने की मांग लेकर स्कूल पहुंची। आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने उनकी बात सुनने से इनकार कर दिया और सेक्शन बदलने की मांग भी ठुकरा दी। जानकारी के अनुसार, जब महिला इंस्पेक्टर प्रिंसिपल से बात करने पहुंचीं तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि प्रिंसिपल ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और उन्हें बांह पकड़कर कार्यालय से बाहर निकाल दिया। इस घटना के बाद इंस्पेक्टर ने मीडिया को बुलाकर स्कूल प्रबंधन के रवैये पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब एक इंस्पेक्टर रैंक की महिला के साथ ऐसा व्यवहार हो सकता है, तो आम लोगों के साथ कैसा व्यवहार किया जाता होगा।
मौके पर मौजूद लोगों और समाजसेवी हरमेश सिंह बरौदी ने भी स्कूल के खिलाफ नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल की किताबें काफी महंगी हैं और केवल एक ही दुकान पर उपलब्ध करवाई जाती हैं, जिससे अभिभावकों पर आर्थिक बोझ पड़ता है। उन्होंने इस मामले में संभावित मिलीभगत की जांच की मांग की। हालांकि, स्कूल प्रबंधन और कर्मचारियों ने इन सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि ऐसा कुछ भी नहीं है। दोनों पक्षों के बीच अबतक कोई समझौता नहीं हो पाया है।
मोदी ने तो लाम को वियतनाम का राष्ट्रपति चुने जाने पर बधाई दी, कहा मिलकर करेंगे काम
नयी दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने श्री तो लाम को वियतनाम का राष्ट्रपति चुने जाने पर बधाई दी है और कहा है कि वह उनके साथ मिलकर दोनों देशों की प्रगति तथा समृद्धि के लिए काम करेंगे। मोदी ने मंगलवार को सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, " वियतनाम समाजवादी गणराज्य के राष्ट्रपति के रूप में श्री तो लाम के चुनाव पर हार्दिक बधाई। मुझे विश्वास है कि उनके नेतृत्व में हमारे दोनों देशों के बीच सदियों पुरानी मित्रता और भी मजबूत होगी। मैं अपने लोगों और क्षेत्र की प्रगति और समृद्धि के लिए हमारी व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने के लिए उनके साथ मिलकर काम करने के लिए तत्पर हूं।" लाम वियतनाम की कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव हैं और उन्हें सर्वसम्मति से वियतनाम के राष्ट्रपति के रूप में चुना गया है। वह 2026 से 2031 की अवधि के लिए राष्ट्रपति के रूप में देश की सेवा करेंगे। इस नियुक्ति के साथ ही वियतनाम में दशकों पुरानी 'सामूहिक नेतृत्व' की परंपरा का अंत हो गया है, क्योंकि अब पार्टी प्रमुख और राष्ट्रपति पद एक ही व्यक्ति (तो लाम) के पास आ गए हैं, जिससे वह वियतनाम के सबसे शक्तिशाली नेता बन गए हैं।
कोरबा के कुसमुंडा खदान में डंप स्लाइड से दो डंपर खाई में गिरे, चालक सुरक्षित
कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले स्थित एसईसीएल की कुसमुंडा खदान में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब नीलकंठ साकार जीवी कंपनी के दो डंपर वाहन डंप स्लाइड होने के कारण अचानक नीचे जा गिरे। इस घटना में दोनों वाहनों के चालक बाल-बाल बच गए, जिससे एक संभावित बड़ी जनहानि टल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह के समय खदान के घाटी क्षेत्र में कार्य के दौरान अचानक डंप स्लाइड हुआ, जिसकी चपेट में आकर दोनों डंपर अनियंत्रित होकर नीचे गिर गए। घटना के बाद खदान परिसर में मौजूद कर्मचारियों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलते ही संबंधित विभाग के अधिकारी और कर्मचारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। प्राथमिक जांच में तकनीकी कारणों एवं सुरक्षा मानकों की अनदेखी की आशंका व्यक्त की जा रही है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Tue, Apr 07 , 2026, 03:49 PM