IPL 2025: अय्यर,पंत,राहुल सहित 12 खिलाड़ी आईपीएल 2025 नीलामी के मार्की खिलाड़ी

Fri, Nov 15 , 2024, 11:03 PM

Source : Uni India

IPL 2025: अय्यर,पंत,राहुल सहित 12 खिलाड़ी आईपीएल 2025 नीलामी के मार्की खिलाड़ी

दुबई। जेद्दाह में 24 और 25 नवंबर को होने वाली इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League) 2025 की बड़ी नीलामी में अपनी-अपनी टीमों द्वारा रिलीज किए गए कप्‍तान श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत और केएल राहुल सहित 12 मार्की खिलाड़‍ियों में शामिल हैं। मार्की खिलाड़‍ियों की सूची में सात भारतीय हैं। अय्यर, पंत और अर्शदीप सिंह (Arshdeep Singh) छह मार्की खिलाड़‍ियों के पहले सेट में शामिल हैं। युजवेंद्र चहल, मोहम्‍मद शमी और मोहम्‍मद सिराज दूसरे सेट में शामिल हैं। पांच विदेशी खिलाड़‍ियों में आईपीएल नीलामी इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी मिचेल स्‍टार्क, इंग्‍लैंड के सफेद गेंद के कप्‍तान जॉस बटलर, इंग्‍लैंड के ऑलराउंडर लियम लिविंगस्‍टन, साउथ अफ़्रीका के विस्‍फोटक बल्‍लेबाज डेविड मिलर और साउथ अफ़्रीका के तेज़ गेंदबाज कगिसो रबाडा शामिल हैं।

574 खिलाड़‍ियों की नीलामी सूची में जोफ्रा आर्चर नहीं हैं, जिन्‍होंने चोट से उबरने के बाद हाल ही में वापसी की है। मुंबई इंडियंस ने 2022 की नीलामी में उनको आठ करोड़ रूपये में खरीदा था। तब उनकी कोहनी की सर्जरी हुई थी और उस सीजन तक उनके ठीक होने की उम्‍मीद नहीं थी। आखिर में वह दोनों सीजन मुंबई इंडियंस के लिए नहीं खेले और बाद में उन्‍हें रिलीज कर दिया गया। 2018 नीलामी के बाद से यह पहली बार है, जब मार्की खिलाड़‍ियों की सूची को दो भागों में बांटा गया है। 2018 में दो सेट में 16 मार्की खिलाड़ी शामिल थे। 2022 की बड़ी नीलामी में 10 मार्की खिलाड़ी एक ही सेट में थे।

कोलकाता नाइटराइडर्स (Kolkata Knight Riders) और राजस्‍थान रॉयल्‍स (RR) ने सभी छह खिलाड़‍ियों को रिटेन किया था, जिसके कारण उनके पास नीलामी में राइट-टू-मैच का विकल्‍प नहीं होगा। पंजाब किंग्‍स (PBKS) के पास चार आरटीएम, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के पास तीन, दिल्‍ली कैपिटल्‍स (DC) के पास दो, चेन्‍नई सुपर किंग्‍स (CSK), गुजरात टाइटंस (GT), लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) और मुंबई इंडियंस (MI) के पास एक-एक आरटीएम विकल्‍प होगा।

इस बार की बड़ी नीलामी में 574 खिलाड़ियों का भविष्य दांव पर होगा, जिसमें 366 भारतीय जबकि 208 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। तीन खिलाड़ी एसोसिएट टीमों से हैं, जिसमें पाकिस्तानी मूल के अमेरिकी क्रिकेटर अली खान, पूर्व भारतीय अंडर-19 कप्तान उन्मुक्त चंद और स्कॉटलैंड के ब्रैंडन मक्मलेन का नाम शामिल है। कुल 330 अनकैप्ड खिलाड़ी इस नीलामी का हिस्सा होंगे, जिसमें 318 भारतीय और 12 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। 10 टीमों में 204 खिलाड़ियों के लिए स्लॉट खाली हैं, जिसमें 70 विदेशी खिलाड़ी जगह बना सकते हैं। बड़ी नीलामी 24 नवंबर को भारतीय समयानुसार दोपहर 3.30 बजे शुरू होगी।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups