श्रीनगर. अलगाववादी नेता एवं ऑल पार्टीज हुर्रियत कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष मीरवाइज उमर फारूक (chairman Mirwaiz Umar Farooq) ने गंदेरबल जिले में आतंकवादी हमले की निंदा की और इसे इस्लाम के सिद्धांतों के खिलाफ बताया है। मीरवाइज ने एक्स पर अपने पोस्ट में कहा , “गगनगीर (Gagangir) में हुई नृशंस हत्याओं से बहुत दुख हुआ। सभी धर्मों की तरह इस्लाम भी इस तरह के अमानवीय व्यवहार की निंदा करता है। हर जीवन कीमती है, और इस तरह से खोना बेहद दर्दनाक है। यह घटना हिंसा और अनिश्चितता के अंतहीन चक्र की एक और भयावह याद दिलाती है जिसे हम दशकों से झेल रहे हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने तथा मारे गए लोगों के परिजनों को सब्र (Patience) प्रदान करने के लिए अल्लाह से प्रार्थना करता हूँ।”
इस बीच अपनी पार्टी के अध्यक्ष अल्ताफ बुखारी ने इस हमले को मौजूदा शांति को भंग करने का प्रयास बताया। श्री बुखारी ने अपने बयान में कहा, “ये मजदूर यहाँ केवल अपने परिवारों का पेट पालने के लिए आजीविका कमाने आए थे। असहाय और कमजोर व्यक्तियों पर क्रूर हमला कायरता का सबसे खराब रूप दर्शाता है। अपराधियों ने मानव जीवन के प्रति पूर्ण उपेक्षा प्रदर्शित की है। ऐसा प्रतीत होता है कि यह आतंकवादी हमला जम्मू-कश्मीर में मौजूदा शांति को बाधित करने के लिए किया गया है।”
उन्होंने कहा, “इस तरह की मूर्खतापूर्ण हिंसा लोगों के लिए केवल दुख और त्रासदी लाती है, जिन्होंने पिछले तीन दशकों में मौतों और विनाश का सामना करते हुए पहले ही अपार पीड़ा झेली है। वे इस धरती पर और अधिक रक्तपात और विनाश बर्दाश्त नहीं कर सकते। वर्षों के संघर्ष के बाद, जम्मू-कश्मीर को निरंतर शांति और स्थिरता की आवश्यकता है, और लोगों को सांत्वना और राहत की सख्त आवश्यकता है।”
गौरतलब है कि गंदेरबल जिले में श्रीनगर-लेह राजमार्ग पर गगनगीर के पास एक शिविर में रविवार शाम को हुए आतंकी हमले में एक स्थानीय डॉक्टर सहित सात लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। जिस समय हमला हुआ, उस दौरान वहां स्थानीय और गैर-स्थानीय मजदूर 6.5 किलोमीटर लंबी जेड-मोड़ सुरंग परियोजना के निर्माण पर काम कर रहे थे।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Mon, Oct 21 , 2024, 06:07 PM