लोकलुभावन बजट पेश होने की संभावना
देवेंद्र फडणवीस पहली बार पेश करेंगे बजट
मुंबई। महाराष्ट्र (Maharashtra) का वित्तीय वर्ष 2023-24 का बजट गुरुवार दोपहर को दो बजे विधानमंडल के दोनों सदनों में पेश किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री देवेंद्र फडणवीस पहली बार बजट पेश करेंगे। पिछले साल जून अंत में सत्ता में आई मुख्यमंत्री शिंदे (Chief Minister Shinde) के नेतृत्व वाली सरकार का यह पहला बजट है। ऐसे में इस बजट को लेकर लोगों में उत्सुकता है।
राज्य में शिंदे सरकार को सत्ता में आए आठ माह बीत चुके हैं। इन आठ माह में सरकार ने कई बड़े फैसले लिए। ऐसे में बजट में सरकार की कार्यशैली की झलक देखने को मिल सकती है। अगले साल लोकसभा और विधानसभा के चुनाव होंगे। इस वजह से सरकार को अगले साल अंतरिम बजट पेश करना होगा। इस साल का बजट शिंदे सरकार के लिए अहम है क्योंकि जल्द ही राज्य में विधानसभा चुनाव की हवा चलनी शुरू हो जाएगी। ऐसे हालात में चुनाव को ध्यान में रखकर बजट में लोकप्रिय घोषणाएं होने की उम्मीद है। राज्य में जल्द ही स्थानीय स्वराज संस्थाओं के चुनाव होने वाले हैं, ये चुनाव सत्तारूढ़ शिवसेना और भाजपा (B J P) के लिए महत्वपूर्ण है, ऐसे में मुंबई, ठाणे, नागपुर महापालिका सहित अन्य महापालिका, नगरपालिका और जिला परिषदों के लिए बजट में महत्वपूर्ण घोषणाएं हो सकती हैं। इसके अलावा कृषि, स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, सिंचाई, ऊर्जा आदि विभागों से बजट में रूझान का अंदाजा मिल सकता है।
पिछले कुछ समय से राज्य सरकार केंद्र की तर्ज पर किसानों की सीधी सहायता करने की योजना पर विचार कर रही है। केंद्र सरकार किसान को 500 रुपए प्रति माह की सहायता देती है। इस तरह की योजना को राज्य में लागू करने का फैसला बजट में हो सकता है। इसके अलावा महिला, युवा, श्रमिक, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए कुछ नई घोषणाओं की उम्मीद है।
विधानपरिषद में कौन पेश करेगा बजट?
विधानसभा में उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री देवेंद्र फडणवीस बजट पेश करेंगे, लेकिन कैबिनेट में किसी भी राज्यमंत्री के न होने से विधानपरिषद में बजट कौन पेश करेगा, यह बड़ा सवाल है? संभावना है कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे स्कूली शिक्षा मंत्री दीपक केसरकर या आबकारी मंत्री शंभुराज देसाई में किसी एक को बजट पेश करने के लिए अधिकृत कर सकते हैं। देवेंद्र फडणवीस के मुख्यमंत्री काल में दीपक केसरकर वित्त राज्यमंत्री थे, जबकि महाविकास आघाड़ी सरकार में शंभुराज देसाई वित्त राज्यमंत्री के रूप में काम कर चुके हैं। दोनों मंत्रियों को बजट पेश करने का अनुभव है।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Wed, Mar 08 , 2023, 07:47 AM