काशीपुर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (Pushkar Singh Dhami) सोमवार को काशीपुर के चेती मेले (Cheti Fair) के समापन समारोह में शामिल हुए और उन्होंने चेती मेला कोष से प्रसिद्ध मां बाल सुंदरी मंदिर (Maa Bal Sundari Temple) के सौंदर्यीकरण और परिसर के समग्र विकास की महत्वपूर्ण घोषणा की। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में आयोजित भजन संध्या का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया और प्रसिद्ध भजन गायक लखवीर सिंह लक्खा के भजनों का आनंद लिया। उन्होंने मेले में आए श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए इसे लोक आस्था, संस्कृति और परंपराओं का जीवंत उत्सव बताया। धामी ने अपने संबोधन में काशीपुर के विकास के लिए चल रही विभिन्न परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र में 133 एकड़ में इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर पार्क विकसित किया जा रहा है, जिससे बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे। साथ ही काशीपुर-रामनगर मार्ग के चौड़ीकरण, मिनी बाईपास निर्माण, पेयजल, सीवरेज, सड़क सुधार और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट जैसे कार्यों पर तेजी से काम चल रहा है।
उन्होंने बताया कि लगभग 1,950 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जबकि 1100 करोड़ रुपये की लागत से औद्योगिक हब और 100 करोड़ रुपये से अरोमा पार्क परियोजना भी क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को गति देंगी। शहर में बहुमंजिला पार्किंग और नए तहसील कार्यालय का निर्माण भी जारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार काशीपुर को औद्योगिक नगर के साथ-साथ आस्था और पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में चैती मंदिर को मानसखंड कॉरिडोर से जोड़ने की योजना पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश में लागू सख्त कानूनों, भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के प्रयासों का भी जिक्र किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Mon, Mar 30 , 2026, 09:00 PM