Stock Markets: शेयर बाजारों में बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 25 महीने के निचले स्तर पर!

Mon, Mar 30 , 2026, 06:53 PM

Source : Uni India

मुंबई। विदेशों से मिले मिश्रित संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों (domestic stock markets) में सोमवार को बड़ी गिरावट देखी गयी और बीएसई का सेंसेक्स 25 महीने से ज्यादा के निचले स्तर पर आ गया। सेंसेक्स पिछले कारोबारी दिवस की तुलना में 1,018 अंक लुढ़ककर खुला। बाद में इसकी गिरावट और बढ़ती गयी। अंत में यह 1,635.67 अंक (2.22 प्रतिशत) नीचे 71,947.55 अंक पर बंद हुआ। यह 14 फरवरी 2024 के बाद का इसका निचला स्तर है।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 488.20 अंक यानी 2.14 प्रतिशत टूटकर 22,331.40 अंक पर बंद हुआ जो 07 अप्रैल 2025 के बाद का न्यूनतम बंद स्तर है। मझौली तथा छोटी कंपनियों में बिकवाली ज्यादा देखी गयी। वृहत सूचकांकों में निफ्टी मिडकैप-50 में 2.68 फीसदी और स्मॉलकैप-100 सूचकांक में 2.66 फीसदी की गिरावट रही। बैंकिंग और वित्तीय शेयरों पर भारी दबाव रहा। ऑटो, मीडिया, एफएमसीजी, रियलटी, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, फार्मा और स्वास्थ्य सेक्टरों के सूचकांकों में भी अधिक गिरावट रही।

एनएसई में कुल 3,410 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। इनमें 2,762 के शेयरों में गिरावट रही जबकि 570 के शेयर हरे निशान में बंद हुए। अन्य 78 कंपनियों के शेयर दिन भर के उतार-चढ़ाव के बाद अंततः अपरिवर्तित बंद हुए। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से पावरग्रिड (0.27 प्रतिशत की बढ़त) को छोड़कर शेष 29 कंपनियों के शेयर लाल निशान में बंद हुए। बजाज फाइनेंस का शेयर 5.09 प्रतिशत टूट गया। भारतीय स्टेट बैंक में 3.95 प्रतिशत, इंडिगो में 3.80, बजाज फिनसर्व में 3.71, एक्सिस बैंक में 3.59, कोटक महिंद्रा बैंक में 3.48, एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) में 3.23, भारती एयरटेल में 3.14 और ट्रेंट में 3.10 प्रतिशत की गिरावट रही।

महिंद्रा एंड महिंद्रा का शेयर 2.79 फीसदी, अल्ट्राटेक सीमेंट का 2.78, आईटीसी का 2.39, आईसीआईसीआई बैंक का 2.35 और सनफार्मा का 2.13 प्रतिशत फिसल गया। एशियन पेंट्स का शेयर 1.94 प्रतिशत, अडानी पोर्ट्स का 1.81, इटरनल का 1.74, एलएंडटी का 1.73, एचसीएल टेक्नोलॉजीज का 1.65, इंफोसिस का 1.48, एनटीपीसी का 1.32, टीसीएस का 1.29 और बीईएल का 1.03 प्रतिशत नीचे बंद हुआ। हिंदुस्तान यूनीलिवर, टाटा स्टील, टाइटन, मारुति सुजुकी, टेक महिंद्रा और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर भी गिरावट में रहे। वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 2.79 प्रतिशत और हांगकांग का हैंगसेंग 0.81 प्रतिशत गिर गया। चीन का शंघाई कंपोजिट 0.24 प्रतिशत की बढ़त में बंद हुआ। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.14 प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.74 प्रतिशत ऊपर था।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups