New Update from Airlines : एक ही पीएनआर पर बुक कराये गये टिकट पर अब यात्रियों को फ्लाइट में एक साथ सीट देना अनिवार्य कर दिया गया है। नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने सभी विमान सेवा कंपनियों (airlines) को इस संबंध में निर्देश जारी किया है। इसमें कहा गया है कि कम से कम 60 प्रतिशत सीटों का आवंटन बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के करना अनिवार्य होगा। साथ ही एक ही पीएनआर पर बुक कराये गये टिकट के लिए यात्रियों को एक साथ सीट देनी होगी, जहां तक संभव हो उन्हें अगल-बगल की सीट प्रदान करने के लिए कहा गया है। आमतौर पर ऐसी बहुत सारी घटनाएं सामने आयी हैं जिनमें एक ही परिवार के लोगों को एक ही पीएनआर पर बुक कराये गये टिकट पर काफी दूर-दूर बैठने के लिए सीट आवंटित की जाती थी जिससे लोगों को परेशानी होती थी। एयरलाइंस एक साथ पसंदीदा सीट के चयन पर मोटा शुल्क वसूलती थीं।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि उसने डीजीसीए के माध्यम से यह निर्देश जारी किया है ताकि यात्रियों की सुविधाओं का ध्यान रखा जा सके। यह यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के उसके सतत प्रयासों का एक हिस्सा है। निर्देश में कहा गया है कि सुरक्षा और परिचालन संबंधी नियमों का ध्यान रखते हुए खेल उपकरणों और वाद्य यंत्रों को फ्लाइट में ले जाने के लिए पारदर्शी और यात्री-अनुकूल व्यवस्था की जानी चाहिये। एयरलाइंस को निर्देश दिए गए हैं कि वे पालतू जानवरों को फ्लाइट में ले जाने के बारे में भी स्पष्ट और पारदर्शी नीति तैयार करें।
डीजीसीए ने विमान सेवा कंपनियों से यात्रियों के अधिकार संबंधी नियमों का सख्ती से पालन करने के लिए कहा है, विशेषकर उन मामलों में जहां फ्लाइट में देरी हुई हो या फ्लाइट रद्द हुई हो या फिर यात्री को कंफर्म टिकट होने के बावजूद बोर्डिंग से मना किया गया हो। विमान सेवा कंपनियों को अपनी वेबसाइट, मोबाइल एप, अन्य बुकिंग प्लेटफॉर्म और हवाई अड्डों पर मौजूद उनके काउंटरों पर यात्रियों के अधिकारों को स्पष्ट रूप से दिखाना होगा। निर्देश दिया गया है कि क्षेत्रीय भाषाओं में भी यात्रियों के अधिकारों की उन्हें जानकारी प्राप्त जानकारी दी जाये।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Wed, Mar 18 , 2026, 01:03 PM