Medical Superintendent: सर सुंदरलाल चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक ने किया ओपीडी का निरीक्षण

Tue, Feb 24 , 2026, 08:52 PM

Source : Uni India

वाराणसी। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के चिकित्सा विज्ञान संस्थान (IMS) के निदेशक प्रो. एस. एन. संखवार (S.N. Sankhwar) तथा सर सुन्दरलाल चिकित्सालय (Sir Sunderlal Hospital) के चिकित्सा अधीक्षक प्रो. के. के. गुप्ता ने मंगलवार को एमसीएच विंग की ओपीडी का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं जांच प्रयोगशालाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उप-चिकित्सा अधीक्षक प्रो. नीलेश कुमार, प्रो. अंकुर सिंह सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी एवं नर्सिंग अधिकारी उपस्थित रहे। निदेशक ने ओपीडी की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया और महिला परिचारिकाओं तथा कर्मचारियों से संवाद कर दैनिक संचालन, मरीजों की सुविधा एवं उपलब्ध संसाधनों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने ओपीडी में आए मरीजों से भी बातचीत कर उपचार एवं जांच सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया तथा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसी क्रम में ओपीडी परिसर में संचालित प्रयोगशाला का भी निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान एचआईवी परीक्षण प्रयोगशाला की कार्यप्रणाली एवं अभिलेखों की समीक्षा की गई। एचआईवी जांच कक्ष में दोपहर दो बजे तक 17 जांच पूरी की जा चुकी थीं, जबकि सोमवार को इसी इकाई में लगभग 27 जांच की गई थीं। ओपीडी में प्रतिदिन औसतन 200 मरीजों के आने की जानकारी दी गई, जिनके लिए उपचार एवं अन्य व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हैं। चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि एमसीएच विंग में मरीजों की सुविधा के लिए प्रस्तावित दवा वितरण पटल, पर्याप्त स्थान, जांच सुविधाएं तथा आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई है। जांच किट पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं और परीक्षण सेवाएं नियमित रूप से संचालित हो रही हैं। निदेशक प्रो. संखवार ने स्वास्थ्य एवं नर्सिंग कर्मियों से संवाद करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय एवं आईएमएस प्रशासन महिला रोग इकाई को और सशक्त एवं सुविधासंपन्न बनाने के लिए निरंतर संसाधन उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों की सुविधा और सेवाओं की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा सभी व्यवस्थाएं पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हों।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups