जालौन। उत्तर प्रदेश में जालौन के उरई कोतवाली क्षेत्र में हुई डकैती की घटना (Robbery incident) का पुलिस ने खुलासा करते हुए छह आरोपियों को असलहों समेत गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक जालौन डॉ. दुर्गेश कुमार (Dr. Durgesh Kumar) ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए तीन टीमों का गठन किया गया था। पुलिस और स्वाट टीम (SWAT Team) ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज की। उन्होंने बताया कि 23 फरवरी की रात संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर इगलाशपुरा चौराहे के पास श्मशान घाट के पीछे कच्चे रास्ते से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में खलक सिंह उर्फ खेमा, कल्लू राजपूत, सुरेन्द्र राजपूत, वीर सिंह, अमित राजपूत तथा दुर्गा देवी शामिल हैं, जो हमीरपुर और जालौन जनपद के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 66 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, एक राउटर, एक डीवीआर, दो सब्बल, चार तमंचे तथा .315 बोर के सात जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पूछताछ में मुख्य आरोपी खलक सिंह ने बताया कि वर्ष 2024 में वह पीड़ित के पड़ोस में किराए पर रहता था। आपसी विवाद और रंजिश के चलते उसने साथियों के साथ मिलकर 18/19 फरवरी की रात वारदात को अंजाम दिया। लूट की रकम का कुछ हिस्सा खर्च कर दिया गया था, जबकि कुछ आभूषण बेचकर 66 हजार रुपये प्राप्त किए गए। पुलिस के अनुसार आरोपी आगे भी इसी प्रकार की घटनाओं की योजना बना रहे थे, जिन्हें समय रहते गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Tue, Feb 24 , 2026, 06:36 PM