राजमुंदरी: आंध्र प्रदेश में राजमुंदरी के चौदेश्वरी नगर और स्वरूप नगर इलाकों में कथित रूप से दूध पीने के बाद चार लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूर्वी गोदावरी जिले की कलेक्टर कीर्ति चेकुरी ने मीडिया को बताया कि लोगों ने शनिवार और रविवार को एक वेंडर का दिया हुआ दूध पिया, जिसके बाद उनमें गुर्दे की विफलता के लक्षण दिखे और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनमें से चार की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य का इलाज चल रहा है। दो पीड़ितों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
कलेक्टर ने दी मामले की जानकारी
कलेक्टर ने कहा कि गुर्दे की गंभीर दिक्कतों के कारण 12 लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और सभी ने एक ही वेंडर का दिया हुआ दूध पिया था। वेंडर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि दूध पीने वाले 76 घरों के लोगों के खून के नमूने लिए गए और जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजे गए। प्रभावित लोगों को लगातार मेडिकल मदद दी जा रही है। मेडिकल टीमें और वरिष्ठ अधिकारी जरूरी मदद देने के लिए दोनों इलाकों का दौरा कर रहे हैं। पशुपालन अधिकारियों ने 41 भैंसों से भी नमूने इकट्ठा किए हैं और उन्हें जांच के लिए भेज दिया है।
पोस्टमॉर्टम और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट
पुलिस अधीक्षक नरसिम्हा किशोर ने कहा कि वेंडर के घर से सामान जब्त कर लिया गया है। पोस्टमॉर्टम और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट से मौत की सही वजह का पता चलेगा। मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने विधानसभा में इस बात की पुष्टि की कि दूध पीने से चार लोगों की मौत हो गई। उन्होंने मरने वालों के परिवारों के लिए 10 लाख रुपये की मदद का ऐलान किया। उन्होंने सदन को यह भी बताया कि दूध बेचने वाले के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। इलाके के लोगों ने आरोप लगाया है कि उन्हें मिलावटी दूध आपूर्ति की गई थी।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Tue, Feb 24 , 2026, 09:02 AM