भिवाड़ी आग मामले में कंपनी संचालक और प्रबंधक गिरफ्तार, पुलिस ने छापा मारकर भारी मात्रा में विस्फोटक, पटाखे, कच्चा माल बरामद किये

Wed, Feb 18 , 2026, 12:18 PM

Source : Uni India

Bhiwadi Fireworks Factory Fire : राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के भिवाड़ी के खुशखेड़ा स्थित औद्योगिक क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित पटाखा फैक्ट्री में आग (Bhiwadi Fireworks Factory Fire) लगने के मामले में मंगलवार देर रात भिवाड़ी पुलिस ने कंपनी के संचालक हेमंत शर्मा (company operator Hemant Sharma) एवं उसके प्रबंधक अभिनंदन (manager Abhinandan) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि हेमंत भिवाड़ी में कार्यरत पुलिस कर्मी का भाई है। मंगलवार को पुलिस ने उसकी एक फैक्ट्री और एक गोदाम पर छापा मारकर वहां से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, पटाखे, कच्चा माल, तैयार पटाखे बरामद किये थे।

पुलिस ने बताया कि खैरथल तिजारा खुशखेड़ा की फैक्ट्री जी1-118 में सोमवार को हुए हादसे में सात मजदूरों की मौत हो गयी थी। इसमें वस्त्र फैक्ट्री के लाइसेंस पर अवैध पटाखा फैक्ट्री का संचालन हो रहा था। इस दौरान अचानक विस्फोट होने से वहां कार्यरत सात श्रमिकों की जलकर मौत हो गयी। सभी श्रमिकों की हड्डियां कोयला बन गयी और शव कंकाल में बदल गये। पुलिस ने बताया कि इस मामले में प्रबंधक अभिनंदन को हिरासत में लिया गया। उससे पूछताछ के बाद फैक्ट्री के संचालक हेमंत शर्मा को भी हिरासत में लिया गया था। दोनों से गहन पूछताछ की गयी। 

इसके बाद मंगलवार को रीको प्लॉट संख्या जी-1/682 एंव जी 1- 538 ए पर छापा मारा गया। यह मेसर्स कात्याल लॉजिस्टिक और लक्ष्मी एलॉयज के नाम पर संचालित की जा रही थी, जबकि अंदर बड़े पैमाने पर पटाखों का निर्माण और भंडारण किया जा रहा था। पुलिस ने बताया कि जांच दल ने मौके से भारी मात्रा में निर्मित पटाखे बरामद किये हैं। जांच में सामने आया कि हेमंत शर्मा काफी समय से इस क्षेत्र में यह काम कर रहा था। उसकी कंपनी में सोमवार को विस्फोट हुआ था। पुलिस ने बताया कि फैक्ट्री संचालक हेमंत शर्मा और प्रबंधक अभिनंदन को आज न्यायालय में पेश किया जाएगा।

भिवाड़ी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अतुल साहू ने बताया कि इस संबंध में पूरी जांच की जा रही है। दोनों फैक्ट्री और एक गोदाम हेमंत के हैं। उन्होंने हेमंत शर्मा के भाई के पुलिसकर्मी होने की पुष्टि की। अतुल साहू ने कहा कि उसका भाई पुलिस में है और डी एस टी भिवाड़ी में कार्यरत है। पुलिसकर्मी की भूमिका भी जांच की जाएगी। साहू ने कहा कि इस मामले में रीको के अधिकारियों की संलिप्तता नजर आयी है। बुधवार को रीको के अधिकारियों से पूछताछ की जाएगी, क्योंकि उन्होंने गलत तरह से भूखंड रूपांतरण किया।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups