Bangladesh Elections: बीएनपी ने बनाई भारी बढ़त, तारिक रहमान बन सकते हैं नए प्रधानमंत्री; जमात-ए-इस्लामी को पछाड़ा!

Fri, Feb 13 , 2026, 07:32 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

ढाका: बंगलादेश में सत्ता परिवर्तन के बाद हुए पहले ऐतिहासिक आम चुनाव में तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बंगलादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) बड़ी जीत की ओर अग्रसर है। कुल 299 निर्वाचन क्षेत्रों में गुरूवार हुए मतदान के बाद जारी मतगणना के शुरुआती रुझानों में बीएनपी ने अपने प्रतिद्वंद्वी जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले गठबंधन पर स्पष्ट और मजबूत बढ़त बना ली है।

बीएनपी चल रही है आगे 
स्थानीय मीडिया और निर्वाचन आयोग के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, बीएनपी अधिकतम 80 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि जमात समर्थित गठबंधन केवल अधिकतम 38 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। बीएनपी के अध्यक्ष तारिक रहमान ने 17 साल के निर्वासन के बाद वतन लौटकर चुनावी मैदान में अपना दबदबा साबित किया है। कुछ खबरों में बताया गया है कि उन्होंने ढाका-17 और बोगरा-6 दोनों ही महत्वपूर्ण सीटों से जीत हासिल कर ली है। 

जीतने से जश्न का माहौल
उनकी जीत की खबर के बाद बीएनपी कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है। उनके अलावा अन्य प्रमुख लोगों में मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर, मोहम्मद असदुज्जमान और रुमीन फरहाना जीत की ओर अग्रसर बने हुए हैं। गौरतलब है कि अगस्त 2024 में शेख हसीना सरकार के पतन के बाद हुए इन पहले चुनावों में भारी उत्साह देखा गया। स्वतंत्रता के बाद यह पहला मौका है जब अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग चुनावी मैदान से पूरी तरह गायब है। भारत में निर्वासन में रह रहीं पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने इस चुनाव को "सोची-समझी धोखाधड़ी" और "प्रहसन" करार दिया है। वहीं, अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस ने इसे लोकतंत्र की जीत बताया है।

अंतिम परिणाम कब पता चलेगा?
अंतिम परिणाम शुक्रवार दोपहर तक स्पष्ट होने की उम्मीद है। यदि मौजूदा रुझान बरकरार रहते हैं, तो तारिक रहमान बांग्लादेश के अगले प्रधानमंत्री बन सकते हैं।उल्लेखनीय है कि देश के 13वें संसदीय चुनाव के लिए वोटिंग गुरुवार सुबह 7:30 बजे शुरू हुई। कड़ी सुरक्षा और लोगों में भारी उत्साह के बीच 299 सीटों पर वोटिंग हुई। देश भर के 42,659 पोलिंग स्टेशनों पर शाम 4:30 बजे तक वोटिंग बिना रुके चलती रही। शेरपुर-3 सीट पर एक प्रत्याशी की मौत के बाद चुनाव टाल दिया गया है। कुल 299 सीटों पर कुल 127,298,522 वोटर हैं। इनमें से 64,620,077 पुरुष वोटर, 62,677,232 महिला वोटर और 1,213 थर्ड-जेंडर वोटर हैं।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups