प्रदेश ने जमीन से जुड़े और जनजातीय समाज के सशक्त नेताओं को खो दिया: योगी

Tue, Feb 10 , 2026, 03:25 PM

Source : Hamara Mahanagar Desk

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानमंडल (Uttar Pradesh Legislature) के बजट सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Chief Minister Yogi Adityanath) ने विधानसभा के दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित की। सदन में शोक व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश ने जमीन से जुड़े और जनजातीय समाज के सशक्त नेताओं को खो दिया है, जिनका जनसेवा में महत्वपूर्ण योगदान रहा। मुख्यमंत्री ने बताया कि फरीदपुर (बरेली) से भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) के विधायक प्रोफेसर श्याम बिहारी लाल का निधन 2 जनवरी 2026 को 60 वर्ष की आयु में हुआ। वे दूसरी बार विधानसभा सदस्य निर्वाचित हुए थे। योगी ने कहा कि प्रोफेसर श्याम बिहारी लाल मिलनसार स्वभाव के और जमीन से जुड़े जनप्रतिनिधि थे। शिक्षा जगत से उनका गहरा संबंध रहा। 

वे इतिहास संकलन समिति, बरेली के अध्यक्ष तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली की कार्यसमिति के सदस्य भी रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रोफेसर श्याम बिहारी लाल ने अपने निर्वाचन क्षेत्र में बुनियादी विकास कार्यों को गति दी और पिछड़े, वंचित तथा गरीब वर्ग के कल्याण के लिए लगातार कार्य किया। उन्होंने कहा कि शिक्षण अनुभव को जनसेवा से जोड़ने वाले जनप्रतिनिधि लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूती प्रदान करते हैं। उनके निधन से प्रदेश और भारतीय जनता पार्टी को अपूरणीय क्षति हुई है। योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ विधायक विजय सिंह गौड़ के निधन पर भी शोक व्यक्त किया। 

उन्होंने बताया कि विजय सिंह गौड़ का निधन 8 जनवरी 2026 को 71 वर्ष की आयु में हुआ। वे आठ बार विधानसभा सदस्य निर्वाचित हुए थे। वर्ष 1980 से शुरू हुआ उनका राजनीतिक सफर 2024 के उपचुनाव में दुद्धी विधानसभा सीट से जीत तक रहा। वे जनजातीय समाज की सशक्त आवाज के रूप में जाने जाते थे। उन्होने कहा कि विजय सिंह गौड़ ने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार जैसे बुनियादी मुद्दों को सदैव प्राथमिकता दी। उनके निधन से न केवल जनजातीय समाज, बल्कि पूरे प्रदेश ने एक अनुभवी और संघर्षशील जननेता को खो दिया है। मुख्यमंत्री ने दोनों दिवंगत सदस्यों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से शोक संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups