नयी दिल्ली: केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह (Amit Shah) गुरुवार को देश की पहली सहकारिता-क्षेत्र की टैक्सी सेवा 'भारत टैक्सी (Bharat Taxi)' शुरू करेंगे। शाह ने सोशल मीडिया एक्स पर इस पहल का महत्व बताते हुए कहा कि यह मंच कई लोगों को साथ आकर, थोड़ा-थोड़ा निवेश करके कुछ बड़ा बनाने में मदद करेगा। उन्होंने आज दिन को टैक्सी चालकों के लिए अहम बताते हुए कहा कि देश की पहली सहकारिता-क्षेत्र की टैक्सी सेवा (cooperative-sector taxi service) 'भारत टैक्सी' का नयी दिल्ली में उद्घाटन उनके लिये एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। उन्होंने कहा कि 'भारत टैक्सी' के जरिये टैक्सी चालक न सिर्फ ज्यादा मुनाफा कमा पाएंगे, बल्कि अपनी सेवा के मालिक भी बन जायेंगे।
सहकारिता मंत्रालय ने इस सेवा की जानकारी देते हुए कहा, "गतिशीलता (मोबिलिटी) क्षेत्र में एक परिवर्तनकारी पहल के रूप में परिकल्पित भारत टैक्सी में, 'सारथी' कहे जाने वाले ड्राइवरों को स्वामित्व, संचालन और मूल्य सृजन के केंद्र में रखा गया है। इससे उन्हें शोषणकारी एग्रीगेटर-आधारित प्रणालियों से मुक्ति मिलेगी। उल्लेखनीय है कि श्री शाह भारत टैक्सी के लॉन्च के दौरान छह सारथियों (टैक्सी चालकों) को सहकारिता-यातायात इकोसिस्टम में उनके योगदान के लिये सम्मानित भी करेंगे। सभी सम्मानित टैक्सी चालकों को पांच-पांच लाख रुपए का एक निजी दुर्घटना बीमा और परिवार बीमा उपलब्ध करवाया जाएगा।
बहु राज्य सहकारी समितियां अधिनियम 2002 के तहत पंजीकृत भारत टैक्सी की स्थापना छह जून, 2025 को हुई थी। यह शून्य कमीशन और सर्ज-मुक्त मॉडल पर काम करती है, जिसमें टैक्सी चालकों को सीधे मुनाफ़ा बांटा जाता है। यह विदेशी निवेश पर आधारित एग्रीगेटर-प्लेटफ़ॉर्म का एक स्वदेशी विकल्प पेश करती है।
महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए, "बाइक दीदी" जैसी पहल शुरू की गयी हैं, जिसमें अब तक 150 से ज़्यादा महिला ड्राइवर भारत टैक्सी से जुड़ चुकी हैं। भारत टैक्सी दुनिया का पहला और सबसे बड़ा सहकारिता-आधारित टैक्सी मंच और दुनिया का सबसे बड़ा चालक-संचालित मंच बनकर उभरा है। इस मंच पर करीब चार लाख ड्राइवर और 10 लाख से ज़्यादा मुसाफिर पंजीकृत हो चुके हैं, जबकि अब तक टैक्सी चालकों को सीधे करीब 10 करोड़ रुपये बांटे जा चुके हैं।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Thu, Feb 05 , 2026, 12:36 PM