National and International News: बिहार में पटना जिले के मोकामा थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गयी तथा 24 तीर्थयात्री घायल हो गये। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बस पर सवार तीर्थयात्री अयोध्या से सिमरिया धाम जा रहे थे। इस दौरान सुबह करीब चार बजे बरहपुर गांव के समीप बख्तियारपुर-मोकामा फोरलेन पर बस पुल की रेलिंग तोड़ते हुए 20 फुट नीचे गिर गयी। इस घटना में एक महिला की मौत हो गयी तथा 24 अन्य तीर्थयात्री घायल हो गये। सूत्रों पर बताया कि मृतक की पहचान मधुबनी जिले के मधेपुर थाना क्षेत्र निवासी धनेश्वरी देवी के रूप में की गयी है। घायलों को मोकामा स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिये अस्पताल भेज दिया गया है।
पाकिस्तान के विदेशी मुद्रा भंडार में 2.7 करोड़ डॉलर की वृद्धि
पाकिस्तान के केंद्रीय बैंक के विदेशी मुद्रा भंडार में 2.7 करोड़ अमेरिकी डॉलर की वृद्धि हुई है। स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान (एसबीपी) ने यह जानकारी दी है। बैंक ने गुरुवार को एक बयान में कहा कि 14 नवंबर को समाप्त सप्ताह के दौरान एसबीपी का विदेशी मुद्रा भंडार बढ़कर 14.55 अरब डॉलर तक पहुंच गया। वाणिज्यिक बैंकों के पास शुद्ध विदेशी मुद्रा भंडार 5.19 अरब डॉलर दर्ज किया गया। एसबीपी के अनुसार, देश का कुल तरल विदेशी भंडार बढ़कर 19.74 अरब डॉलर हो गया है।
स्कॉर्पियो की टक्कर से होटल कर्मचारी की मौत
उत्तर प्रदेश में वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र स्थित कैंटोनमेंट इलाके में शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने स्कूटी सवार को इतनी जोर से टक्कर मारी कीे स्कूटी सवार की मौके पर ही मौत हो गयी। पुलिस ने स्कटूी सवार की पहचान राजेश गोंड (45) के रूप में की है। वह फुलवरिया के इमलिया घाट का रहने वाले थे। राजेश की मौके पर ही मौत हो गई। वह शहर के एक होटल में हाउसकीपिंग स्टाफ में कार्यरत थे और सुबह ड्यूटी पर जा रहे थे। राजेश की मौत की खबर जैसे ही पत्नी शीला और परिजनों को मिली, घर में कोहराम मच गया। दुख की यह घड़ी और भी भारी हो गई क्योंकि उनकी बड़ी बेटी अंजली उर्फ बिन्नी की शादी 25 नवंबर को तय है। छोटी बेटी मिनी का भी पिता की मौत की खबर सुनकर रो-रोकर बेहाल है।
दो धर्म प्रचारकों के खिलाफ मामला दर्ज
राजस्थान में कोटा के बोरखेड़ा थाना क्षेत्र में दो ईसाई धर्म प्रचारकों के खिलाफ धर्मांतरण सहित अन्य मामलों को लेकर मामला दर्ज किया गया है। थाना अधिकारी देवेश भारद्वाज ने शुक्रवार को बताया कि ईसाई समुदाय के धर्म प्रचारक दिल्ली निवासी चंडी वर्गीश और कोटा निवासी अरुण जॉन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. दोनों के खिलाफ विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारी योगेश रेनवाल, मुकेश शर्मा एवं हरिओम शर्मा ने धर्मांतरण कराने की शिकायत की थी। इस पर पुलिस ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने, राजस्थान विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम 2025 की धारा तीन एवं पांच के तहत मामला दर्ज किया है।
पेट्रोल केन ले जा रहे युवक की बाइक दूसरे से टकराई
मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में एक मोटरबाइक पर पेट्रोल की केन ले जा रहे युवक की बाइक एक अन्य मोटरसाइकिल से टकरा गई। पेट्रोल की केन मोटरसाइकिल पर रखी होने के कारण दोनों मोटरसाइकिल में भीषण आग लग गई, जिसमें दोनों मोटरसाइकिल चालक जलकर झुलस गए। कल देर शाम नेशनल हाइवे क्रमांक 45 भोपाल-जबलपुर मार्ग स्थित खरगोन में हुई इस घटना की सूचना मिलने पर फायर बिग्रेड जब तक पहुँची, तब तक दोनों मोटरसाइकिल जलकर ख़ाक हो गईं। मौके पर पहुँची बरेली पुलिस ने दोनों घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल बरेली भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Fri, Nov 21 , 2025, 12:58 PM