Crocodile Conservation : ओडिशा विश्व में मगरमच्छ संरक्षण में अग्रणी: वन मंत्री!

Tue, Jun 17 , 2025, 09:17 PM

Source : Hamara Mahanagar Desk

भुवनेश्वर। ओडिशा के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री गणेश राम सिंह खुंटिया (Ganesh Ram Singh Khuntia) ने मंगलवार को कहा कि ओडिशा ने मगरमच्छ संरक्षण में विश्व में एक मिसाल कायम की है। मंत्री ने राज्य वन्यजीव मुख्यालय द्वारा अंतर्राष्ट्रीय मगरमच्छ दिवस और ओडिशा में मगरमच्छ संरक्षण परियोजना की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित एक संदेश में कहा, ‘’हमारे सामने चुनौती यह है कि हम ओडिशा के मगरमच्छ-संरक्षण कार्यक्रम को यथासंभव सफल बनाएं और साथ ही अपने आर्द्रभूमि के पारिस्थितिक संतुलन को भी सुरक्षित रखें।’’ ओडिशा भारत में पाई जाने वाली तीनों मगरमच्छ की प्रजातियों का घर है, जिसमें खारे पानी का मगरमच्छ (बौला), मगर और घड़ियाल शामिल हैं।

श्री खुंटिया ने कहा, ‘’पिछले 50 वर्षों से हमारा राज्य इन प्रमुख प्रजातियों के संरक्षण में वैश्विक मानक स्थापित कर रहा है, जो स्वस्थ आर्द्रभूमि को बनाए रखने में विशेष भूमिका निभाते हैं।‘’मगरमच्छ खाद्य श्रृंखला का अभिन्न अंग हैं, जो सड़े हुए मांस को खाकर जल निकायों को साफ रखने में मदद करते हैं और इस प्रकार प्राकृतिक जैव विविधता का समर्थन करते हैं। जैव पर्यटन के प्रमुख स्रोत रूप में, वे स्थानीय समुदायों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से आजीविका भी प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा, ‘’मगरमच्छ संरक्षण का मतलब केवल एक जानवर को बचाना नहीं है; यह हमारी नदियों, जलाशयों और पूरे पारिस्थितिकी तंत्र की सुरक्षा का प्रतीक है।‘’ उन्होंने नागरिकों से संरक्षण को एक जन आंदोलन बनाने का आग्रह किया।

भुवनेश्वर में 18 जून को मगरमच्छों पर एक राष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी, जिसमें पूरे भारत से वैज्ञानिक, शोधकर्ता, गैर सरकारी संगठन और वन अधिकारी हिस्सा लेंगे। 17 से 25 जून तक एक सप्ताह तक चलने वाला संरक्षण एवं जागरूकता अभियान सभी मगरमच्छ-रेंज डिवीजनों में चलाया जायेगा।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups