Four people died: अज्ञात जानवर के हमले से प्रभावित चार लोगों की मृत्यु!

Fri, May 30 , 2025, 08:43 AM

Source :

बड़वानी: मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के राजपुर अनु विभाग में अज्ञात जानवर के हमले से प्रभावित चार लोगों की मृत्यु हो गई है। यह हमला पांच मई की सुबह लिम्बई और सनगांव ग्राम में हुआ था। आज मुआवजे की राशि को लेकर ग्रामीणों ने राजपुर आकर प्रदर्शन किया।

राजपुर के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) जितेंद्र पटेल ने बताया कि 5 मई की तड़के घर के बाहर सो रहे 18 लोगों को अज्ञात जानवर ने काटा था। इसमें दो महिलाओं और दो पुरुषों की मृत्यु हो गई है। उन्होंने बताया कि जानवर ने ग्राम लिंबई के 14 और सनगांव के चार लोगों को काटा था। उन्होंने बताया कि तीन लोगों की मृत्यु के बारे में ग्रामीणों ने प्रशासन को सूचना नहीं दी थी, इसलिए उनका पोस्टमार्टम नहीं हो पाया। जबकि कल जिला अस्पताल में भर्ती एक महिला की मृत्यु के बाद उसका पोस्टमार्टम कराया गया है और विसरा संरक्षित कर जांच हेतु भेजा गया है।

उन्होंने बताया कि तीन लोगों की मृत्यु के बाद जिला कलेक्टर गुंचा सनोबर के निर्देश पर शेष प्रभावितों को भी जिला अस्पताल बुलवाकर उनको भर्ती करवाया था। तीन दिन भर्ती रहने के बाद वे डिस्चार्ज कर दिए गये। उन्होंने बताया कि मृतक और घायल सभी को रेबीज के तीन-तीन डोज लग चुके थे। बड़वानी के वन मंडलाधिकारी आशीष बंसोड़ ने बताया कि जानवर के मूवमेंट और काटने के पैटर्न से यह लगता है कि यह रैबीज से प्रभावित कुत्ता था। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों को विभिन्न हिंसक वन्यजीवों के फोटो और वीडियो दिखाये गये लेकिन वे उन्हें पहचान करने में असफल रहे और उन्होंने इसे कुत्ते जैसा ही बताया था। उन्होंने बताया कि दोनों ग्राम वन क्षेत्र से करीब 6 किलोमीटर दूर है। उन्होंने बताया कि वन विभाग की टीम ने पिंजरा भी लगाया था और लगातार गश्त जारी है।

राजपुर के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ देवेंद्र रोमडे ने बताया कि 5 में की सुबह तीन लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था शेष 15 को राजपुर में ही उपचारित किया गया था। जिला अस्पताल में भर्ती तीनों लोगों को डिस्चार्ज कर दिया गया था, लेकिन लिम्बई निवासी 70 वर्षीय रायली बाई और 60 वर्षीय सुरसिंह की 23 मई को मृत्यु हो गई और यही के मंशाराम ने 24 मई को ने दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि इन तीनों मृत्यु की जानकारी ग्रामीणों ने प्रशासन अथवा अन्य किसी शासकीय अमले को नहीं दी जिसके चलते उनका पोस्टमार्टम नहीं हो पाया। उन्होंने बताया कि 28 मई को 60 वर्षीय सड़ई बाई ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। वह भी अज्ञात जानवर के काटे जाने से प्रभावित थी लेकिन उसे हृदय की भी तकलीफ थी। उन्होंने बताया कि अज्ञात जानवर के काटे जाने के चलते लिम्बई में एक बछड़े की भी मौत हुयी है।

उधर, चार मौतों से आक्रोशित ग्रामीणों ने आज वन परिक्षेत्र कार्यालय राजपुर में आकर प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंप कर मुआवजे की मांग की। जिला कलेक्टर गुंचा सनोबर ने मौतों को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि मृतकों के परिवारों को शासन से नियमानुसार मुआवजा दिया जा रहा है। इसके अलावा शेष प्रभावितों के ऊपर पूरी नजर रख उनका उपचार कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि वन विभाग को लगातार गश्त जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups