भोपाल, 14 नवंबर (वार्ता)। मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) के विजयपुर और बुधनी विधानसभा उपचुनाव (Vijaypur and Budhni assembly by-elections) के लिए दिन भर राजनीतिक सरगर्मियों के बीच लगभग शांतिपूर्ण ढंग से बुधवार को मतदान संपन्न हुआ और पांच लाख 31 हजार से अधिक मतदाताओं में से 77 प्रतिशत से अधिक लोगों ने वोट (Vote) डाले।
निर्वाचन आयोग की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार विजयपुर में 77़ 85 प्रतिशत और बुधनी में 77़ 32 प्रतिशत मतदान हुआ।
कल सुबह सात बजे प्रारंभ हुआ मतदान शाम छह बजे तक चला और इस दौरान सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के नेताओं के बीच आरोप प्रत्यारोप के दौर भी चले। दोनों दलों के प्रतिनिधिमंडलों ने यहां मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय पहुंचकर अपनी अपनी शिकायत दर्ज करायी और कांग्रेस ने सत्तारूढ़ दल भाजपा पर प्रशासनिक मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाया, तो भाजपा ने अपनी शिकायत में कहा कि कांग्रेस के नेताओं कार्यकर्ताओं ने कुछ स्थानों पर अनेक लोगों को वोट नहीं डालने दिए।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी श्योपुर जिले के विजयपुर विधानसभा क्षेत्र की सीमाओं के आसपास रहे। प्रशासनिक अधिकारियों ने इन नेताओं और उनके समर्थकों को एक निर्धारित सीमा के आगे नहीं बढ़ने दिया। विजयपुर में राज्य के वन मंत्री रामनिवास रावत भाजपा प्रत्याशी हैं और उनका मुख्य मुकाबला आदिवासी नेता एवं कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश मल्होत्रा के साथ है। निर्वाचन आयोग के अनुसार विजयपुर और बुधनी, दोनों स्थानों पर मतदान निर्विघ्न रूप से संपन्न हुआ।
राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुखवीर सिंह ने एक विज्ञप्ति के जरिए बुधवार की रात्रि में कहा कि दोनों विधानसभा क्षेत्रों में (अनंतिम जानकारी अनुसार) 77.63 प्रतिशत औसत मतदान हुआ है। विजयपुर में 77.85 प्रतिशत और बुधनी में 77.32 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। इन क्षेत्रों में बनाए गए 690 मतदान केंद्रों पर सख्त सुरक्षा प्रबंधों के बीच मतदान कराया गया और वेबकॉस्टिंग के जरिए मतदान केंद्रों पर नजर रखी गयी।
विजयपुर में सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन काफी चौकस रहा और ऐहतियातन कांग्रेस तथा भाजपा के प्रत्याशियों को प्रशासन ने अपनी निगरानी में एक स्थान विशेष पर नजरबंद रखा। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा तथा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष श्री पटवारी विजयपुर क्षेत्र के आसपास दिन भर रहे और मतदान संबंधी जानकारी लेते रहे। ये दोनों ही नेता मीडिया से चर्चा के दौरान अनेक आरोप लगाते हुए और अपने विरोधी दल को कोसते हुए दिखे।
बुधनी विधानसभा सीट पर मुख्य मुकाबला भाजपा के रमाकांत भार्गव और कांग्रेस के राजकुमार पटेल के बीच है। यहां पर सभी 20 प्रत्याशियों की किस्मत इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन में कैद हो गयी। विजयपुर में मुख्य मुकाबला भाजपा प्रत्याशी एवं राज्य के वन मंत्री श्री रावत और कांग्रेस के मुकेश मल्होत्रा के मध्य है। इन दोनों के समेत यहां से कुल 11 प्रत्याशी चुनावी समर में हैं।
वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में विजयपुर सीट से श्री रावत कांग्रेस के टिकट पर विजयी हुए थे। लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थाम लिया। उन्हें इसके बाद राज्य में वन मंत्री बनाया गया। कुछ समय बाद उन्होंने विधानसभा की सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया। इस वजह से विजयपुर में उपचुनाव हो रहा है। अब श्री रावत भाजपा के टिकट पर फिर से विधानसभा पहुंचने के लिए चुनावी समर में हैं।
बुधनी में 2023 के विधानसभा चुनाव में राज्य के तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (भाजपा प्रत्याशी) जीते थे। बाद में लोकसभा चुनाव में उन्होंने विदिशा से जीत हासिल की और उन्हें केंद्र में मंत्री बनाया गया। इसके चलते उन्होंने बुधनी विधानसभा क्षेत्र से इस्तीफा दे दिया। बुधनी श्री चौहान का परंपरागत गढ़ माना जाता है।
विजयपुर में कुल 327 मतदान केंद्र बनाए गए थे और मतदाताओं की कुल संख्या दो लाख 54 हजार 817 है। इसमें पुरुष मतदाता 1 लाख 33 हजार 581 और महिला मतदाता की संख्या 1 लाख 21 हजार 131 है। इसके अलावा 103 ‘सेवा’ मतदाता हैं। बुधनी में 363 मतदान केंद्र बनाए गए थे। कुल मतदाता दो लाख 76 हजार 604 हैं। पुरुष मतदाता 1 लाख 43 हजार 197 और महिला मतदाताओं की संख्या 1 लाख 33 हजार 401 है। ‘सेवा’ मतदाताओं की संख्या 195 है।
दोनों ही क्षेत्रों में मतों की गिनती को कार्य 23 नवंबर को होगा।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Thu, Nov 14 , 2024, 10:26 AM